भाजपा की प्रचंड जीत पर काशी में उत्साह, बाबा विश्वनाथ व मां गंगा का जताया आभार, उतारी आरती
वाराणसी। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद काशी में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के तत्वावधान में मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर विशेष गंगा आरती का आयोजन कर बाबा विश्वनाथ और मां गंगा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने मां गंगा की विधिवत आरती उतारकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मिली इस जीत पर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान “हर हर महादेव” और “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि यह जीत केवल एक राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि जनविश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों की विजय है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार जताते हुए कहा कि भय और तुष्टीकरण की राजनीति को नकारते हुए लोगों ने विकास और मजबूत नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक भगवा ध्वज का लहराना देश की एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। साथ ही, मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की गई कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ता रहे। आयोजन में अमृता सिंह, प्रवीण सिंह, कामिनी सिंह, सुरेश, सुरेंद्र अरोड़ा, अभिषेक सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।