वाराणसी में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें, अनावश्यक शटडाउन से बचें, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने अफसरों को दिए निर्देश 

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने अधिकारियों को वाराणसी के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अनवरत, निरंतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति में अनावश्यक व्यवधान न हो और बार-बार शटडाउन लेने से बचा जाए। विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तंत्र की नियमित निगरानी और समय से अनुरक्षण कार्य कराने पर भी जोर दिया।
 

वाराणसी। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने अधिकारियों को वाराणसी के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अनवरत, निरंतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति में अनावश्यक व्यवधान न हो और बार-बार शटडाउन लेने से बचा जाए। विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तंत्र की नियमित निगरानी और समय से अनुरक्षण कार्य कराने पर भी जोर दिया।

ऊर्जा मंत्री ने विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, नई विद्युत परियोजनाओं, उपकेंद्रों और ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि से जुड़े प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने उपभोक्ताओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने और विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने को कहा। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय सीमा के भीतर बदलने, जर्जर विद्युत तारों एवं खंभों को दुरुस्त करने तथा विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नए विद्युत कनेक्शन समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया।

ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों से नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर विद्युत व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली आपूर्ति में लापरवाही और उपभोक्ताओं की समस्याओं के निस्तारण में देरी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। समीक्षा बैठक में एमडी संदीप कुमार सहित ऊर्जा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।