एक सेकेंड भी नहीं कटेगी बिजली, एयरपोर्ट पर रनवे लाइटिंग का ‘नो ब्रेक’ सिस्टम
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रनवे की रोशनी व्यवस्था को और सुरक्षित व निर्बाध बनाने की तैयारी है। विमान संचालन के लिए महत्वपूर्ण रनवे लाइटिंग सिस्टम में अब बिजली आपूर्ति का एक सेकेंड का भी ब्रेक नहीं आएगा। इसके लिए रनवे लाइटिंग से जुड़ी तकनीकी प्रणाली को अपग्रेड किया जा रहा है।
एयरपोर्ट पर रनवे एंड टैक्सी लाइटिंग के लिए एमर्जेंसी लाइट व्यवस्था की जा रही है। बिजली आपूर्ति बदलने के दौरान एक सेकेंड के रुकावट के कारण रनवे की लाइटें बंद न हों, इसके लिए नई तकनीक अपनाई जाएगी। एयरपोर्ट की इन महत्वपूर्ण लाइटों को ऑनलाइन यूपीएस से बिजली दी जाएगी।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, ऑनलाइन यूपीएस से जुड़ी लाइटें बिजली जाने की स्थिति में भी तत्काल बैकअप पर चलती रहेंगी। इससे रनवे पर विमानों की आवाजाही के दौरान रोशनी व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी। एयरपोर्ट पर रनवे की लाइटिंग व्यवस्था के रखरखाव और मरम्मत में करीब 2.21 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
तय मानक से कम होने पर भी नहीं रुकेगी लाइटिंग
रनवे लाइटिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का निर्धारित मानक के अनुसार काम करना जरूरी होता है। बिजली आपूर्ति में हल्का उतार-चढ़ाव होने पर भी सिस्टम को प्रभावित होने से बचाने के लिए ऑनलाइन यूपीएस लगाया जा रहा है। इससे बिजली की गुणवत्ता में बदलाव की स्थिति में भी रनवे लाइटिंग लगातार उपलब्ध रहेगी।
अधिकारियों के मुताबिक, सामान्य तौर पर रनवे और टैक्सी लाइट के लिए बैकअप बिजली आपूर्ति का विकल्प रहता है। लेकिन ऑनलाइन यूपीएस से बिजली देने की व्यवस्था होने के बाद बिजली आपूर्ति बदलने के दौरान आने वाला संभावित अंतर भी खत्म हो जाएगा। एयरपोर्ट पर विमानों के सुरक्षित संचालन को देखते हुए रनवे लाइटिंग की निर्बाध उपलब्धता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।