दुर्गा पूजा और दशहरा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, नई परंपराओं पर रोक, माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर और डीएम ने शांति समिति की बैठक में दिए निर्देश, जर्जर तारों और सड़कों की तत्काल मरम्मत के साथ पंडालों में सीसीटीवी व बैरिकेडिंग पर जोर
महिला पुलिस कर्मियों की रहेगी तैनाती, भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाने के निर्देश
दुरूस्त होंगे जर्जर बिजली के तार और खंभे, पंडालों और विसर्जन मार्गों की सड़कों की होगी मरम्मत
पंडालों में इमरजेंसी लाइट और जनरेटर की व्यवस्था, निर्धारित तालाबों, पोखरों और स्थलों पर ही होगा प्रतिमा विसर्जन
रामलीला व मेला स्थलों पर महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती, बड़े पंडालों में सीसीटीवी और पर्याप्त बैरिकेडिंग की व्यवस्था के निर्देश
दुर्गा पूजा समितियों को वालंटियरों की पहचान सुनिश्चित कर थानों में जमा करानी होगी उनकी सूची
वाराणसी। दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को यातायात पुलिस लाइंस सभागार में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक हुई। इसमें दुर्गा पूजा और रामलीला समितियों के पदाधिकारियों से सुझाव और समस्याएं सुनने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्बाध बिजली आपूर्ति, जर्जर तारों को बदलने और सड़कों की मरम्मत समय से कराने पर जोर दिया। वहीं, पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
जर्जर तार और सड़कें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश
बैठक में आयोजकों ने मूर्ति स्थापना और विसर्जन स्थलों तक जाने वाले मार्गों पर गड्ढे, जर्जर बिजली के खंभे, लटकते तार और प्रकाश व्यवस्था की समस्याएं उठाईं। इस पर जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल सुधार कराने का निर्देश दिया। पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और जिला पंचायत को अभियान चलाकर सड़कों की मरम्मत और पैचवर्क शीघ्र पूरा कराने को कहा गया।
पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जलकल विभाग को निर्देशित किया गया। जरूरत वाले स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी करने को कहा गया। नगरीय क्षेत्रों में पंडालों, विसर्जन स्थलों और कुंडों की सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायती राज अधिकारी को सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पंडालों में जनरेटर और इमरजेंसी लाइट जरूरी
जिलाधिकारी ने आयोजकों से कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में अंधेरा न हो, इसके लिए दुर्गा पूजा पंडालों में इमरजेंसी लाइट और जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था अवश्य रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मूर्ति विसर्जन पोखरों, तालाबों और पर्याप्त पानी वाले निर्धारित स्थलों पर ही किया जाएगा। किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी।
विसर्जन स्थलों तक जाने वाले रास्तों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश और झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए। रावण दहन के आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील करते हुए जिलाधिकारी ने श्रद्धा और भक्ति के साथ त्योहार मनाने का आग्रह किया।
महिला पुलिस कर्मियों की होगी तैनाती
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने एसीपी और थाना प्रभारियों को दुर्गा पूजा समितियों के साथ समन्वय बैठक करने के निर्देश दिए। रामलीला मंचन और मेला स्थलों पर महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ पर्याप्त पुलिस बल लगाने को कहा गया। पंडालों, रामलीला मंचन और रावण दहन स्थलों पर बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान पूरी सड़क को घेरकर यातायात बाधित न किया जाए। जुलूस और विसर्जन के लिए निर्धारित मार्गों का ही पालन किया जाए तथा कार्यक्रम तय समय पर समाप्त हों।
सीसीटीवी और वालंटियर से बढ़ेगी निगरानी
पुलिस आयुक्त ने बड़े पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर जोर दिया। आयोजकों से पर्याप्त संख्या में वालंटियर रखने और उनकी पहचान के लिए अलग जर्सी, बिल्ला या पहचान पत्र जारी करने को कहा गया। वालंटियरों की सूची संबंधित थानों में उपलब्ध करानी होगी।
उन्होंने अश्लील गाने बजाने से परहेज करने और जुलूस व विसर्जन के दौरान सीमित साउंड बॉक्स का इस्तेमाल करने की अपील की। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के पंडालों और विसर्जन स्थलों का निरीक्षण करने को कहा गया।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी गौरव वंशवाल और राजेश पांडेय, एडीसीपी ट्रैफिक, एडीएम सिटी पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी और दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।