'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान: पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने किया वृक्षारोपण, बोले- पर्यावरण बचाना हम सभी की जिम्मेदारी

 

वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत रविवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने पुलिसकर्मियों और आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदूषण, भूमि क्षरण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी वैश्विक चुनौतियों का प्रभावी समाधान वृक्षारोपण में निहित है। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं। ये न केवल शुद्ध ऑक्सीजन और छाया प्रदान करते हैं, बल्कि तापमान नियंत्रित करने, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, भू-जल संरक्षण, वर्षा चक्र को प्रभावित करने, बाढ़ नियंत्रण और मिट्टी के कटाव को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि विकसित वृक्षों की छाया में खुले क्षेत्र की तुलना में लगभग 10 डिग्री सेल्सियस तक कम तापमान महसूस किया जा सकता है।

अभियान के तहत पुलिस लाइन सहित कमिश्नरेट वाराणसी के सभी पुलिस कार्यालयों, थानों, पुलिस चौकियों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। पुलिस कमिश्नर ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने आमजन से भी अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण की मजबूत नींव रखी जा सकती है।