पैसे लेकर श्रद्धालुओं को बाबा विश्वनाथ का दर्शन कराने का झांसा देने वाले आठ दलाल गिरफ्तार, वीवीआईपी दर्शन के नाम पर करते थे वसूली 

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में सुगम और वीआईपी दर्शन कराने का झांसा देकर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले आठ कथित दलालों को दशाश्वमेध थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि वे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन कराने का लालच देकर उनसे मनमानी रकम वसूलते थे। विरोध करने पर कई मामलों में अभद्र व्यवहार करने की शिकायत भी सामने आई थी।
 

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में सुगम और वीआईपी दर्शन कराने का झांसा देकर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वाले आठ कथित दलालों को दशाश्वमेध थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि वे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन कराने का लालच देकर उनसे मनमानी रकम वसूलते थे। विरोध करने पर कई मामलों में अभद्र व्यवहार करने की शिकायत भी सामने आई थी।

दशाश्वमेध थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर और उसके आसपास सक्रिय दलालों पर पुलिस लगातार निगरानी रख रही थी। श्रद्धालुओं से मिली शिकायतों के आधार पर सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के बाद रविवार सुबह करीब आठ बजे विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मंदिर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी श्रद्धालुओं को सुगम या वीआईपी दर्शन कराने का दावा करते थे और इसके बदले उनसे निर्धारित व्यवस्था से अलग मोटी रकम वसूलते थे। कई श्रद्धालुओं ने शिकायत की थी कि पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी दबाव बनाते थे और उनके साथ दुर्व्यवहार भी करते थे। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से मंदिर परिसर में सक्रिय दलालों के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन चौरसिया (मिसिर पोखरा, लक्सा), आकाश पांडेय (धरवा सैदपुर, गाजीपुर), शिवम चौधरी (मीरघाट, दशाश्वमेध), कृष्णा कुमार झा (दरभंगा, बिहार), रूपेंद्र यादव (खजनी, गोरखपुर), प्रेम कुमार (भोजपुर पड़ाव, चंदौली), शिवम पांडेय (पत्थर गली, दशाश्वमेध) तथा संस्कार केशरी (पड़ाव, रामनगर) के रूप में हुई है।

दशाश्वमेध पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित होती हैं। किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर दर्शन के नाम पर धनराशि न दें। यदि कोई व्यक्ति सुगम अथवा वीआईपी दर्शन कराने के नाम पर पैसे मांगता है या अवैध वसूली करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या मंदिर प्रशासन को दें।