तिरंगा यात्रा के दौरान कबीर नगर में जमकर चले ईंट पत्थर, मची अफरातफरी, आठ गिरफ्तार

 

वाराणसी। गणतंत्र दिवस पर  तिरंगा यात्रा के समापन पर रविवार को कबीरनगर स्थित संजय शिक्षा निकेतन के पास दो पक्ष पुरानी दुश्मनी को लेकर आपस में भिड़ गए। आपसी मारपीट में मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष के आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

भेलूपुर थाना प्रभारी विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में रामनगर से संजय सिंह व आयुष राय पक्ष तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। दोनों पक्ष जुलूस लेकर कबीर नगर स्थित संजय शिक्षा निकेतन तक पहुंचे और पुरानी दुश्मनी के कारण आपस में भिड़ गए। करीब दो दर्जन से ज्यादा लोग सरेआम ईंट -पत्थर चलाने लगे जिससे अफरातफरी मच गई। 

इस दौरान 200 मीटर की दूरी पर स्थित दुर्गाकुंड पुलिस चौकी प्रभारी प्रशांत शिवहरे और एसआई हिमांशु सिंह ने मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचकर आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। चौकी प्रभारी व थाना प्रभारी विजय नारायण मिश्र के मुताबिक दोनों पक्षों के पास जुलूस निकालने की परमिशन नहीं थी। पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है जिनके नाम आदित्य राय, हिमांशु राय, सत्यम दुबे, आयुष केशरी, हिमांशु सिंह, आशुतोष मिश्र, हर्ष उपाध्याय व विनय तिवारी है।