मुहर्रम जुलूस के दौरान चेतगंज में दो पक्षों में विवाद, पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा

मुहर्रम के अवसर पर चेतगंज थाना क्षेत्र में उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा।
 

वाराणसी। मुहर्रम के अवसर पर चेतगंज थाना क्षेत्र में उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। जब कुछ लोग हंगामा करते रहे और हटने को तैयार नहीं हुए, तब भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान पुलिस ने विवाद कर रहे कुछ लोगों को खदेड़कर मौके से हटाया और स्थिति पर नियंत्रण स्थापित किया।

घटना के समय मौके पर मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग मुहर्रम के जुलूस में शामिल थे। पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया, जिससे किसी बड़े विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद माहौल सामान्य हो गया और आगे की धार्मिक गतिविधियां शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहीं।

इस दौरान पुलिस कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें पुलिसकर्मी कुछ लोगों को लाठियों के सहारे मौके से हटाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद घटना को लेकर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।