सपना सरकारी नौकरी, पासपोर्ट, स्कॉलरशिप या विदेश में पढ़ाई का? तो उग्र प्रदर्शनों से रहें दूर! जानिए एक FIR कैसे बिगाड़ सकती है करियर

 

संविधान का अनुच्छेद 19 हर नागरिक को शांतिपूर्ण प्रदर्शन और अपनी बात रखने का अधिकार देता है। लेकिन जब यही प्रदर्शन उग्र रूप ले लेता है, तो बात सिर्फ सड़क के विरोध-प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहती। अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना लोकतंत्र की ताकत है, लेकिन कानून को हाथ में लेना या उग्र प्रदर्शन का हिस्सा बनना भारी भूल साबित हो सकता है। एक पल का गुस्सा या जोश आपके सालों के सपने, चाहे वो विदेश में पढ़ाई हो या सरकारी अफसर बनना सब पर पानी फेर सकता है। इसलिए अधिकारों का इस्तेमाल हमेशा समझदारी और शांतिपूर्ण तरीके से करें।

पुलिस द्वारा दर्ज एक FIR (IPC/BNS की धाराएं जैसे अवैध जमावड़ा, दंगा, या सरकारी काम में बाधा) युवाओं के करियर पर ऐसा ग्रहण लगा सकती है, जिसकी भरपाई में सालों लग जाते हैं।

​​​​​​​

आइए आसान शब्दों में समझते हैं कि प्रदर्शन में दर्ज एक केस आपके भविष्य को कैसे प्रभावित कर सकता है:

1. सरकारी नौकरी: सिर्फ परीक्षा पास करना काफी नहीं

सरकारी नौकरियों में लिखित परीक्षा और इंटरव्यू पास करने के बाद 'Character & Antecedents' (पुलिस वेरिफिकेशन) होता है।

  • सुप्रीम कोर्ट का कड़ा रुख: Avtar Singh vs Union of India (2016) मामले में सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा है कि अगर किसी उम्मीदवार पर आपराधिक केस लंबित है, तो विभाग उसे नियुक्ति देने से मना कर सकता है।

  • सच्चाई छिपाना पड़ेगा भारी: फॉर्म में केस की जानकारी छिपाने पर नौकरी से बर्खास्तगी और धोखाधड़ी का अलग केस दर्ज हो सकता है।

  • संवेदनशील पद: पुलिस, रक्षा, प्रशासनिक सेवाओं और बैंकिंग सेक्टर में नियमों का पालन बेहद सख्ती से किया जाता है।

 मुख्य बात: जब तक अदालत से केस पूरी तरह से खत्म (Aquittal) नहीं हो जाता, तब तक जॉइनिंग लेटर रुका रह सकता है।

2. पासपोर्ट और विदेश यात्रा: कानूनी अड़चनें

अगर आप आगे की पढ़ाई या नौकरी के लिए विदेश जाने का सपना देख रहे हैं, तो लंबित आपराधिक मामला सबसे बड़ा रोड़ा बन सकता है।

  • पासपोर्ट अधिनियम, 1967 (धारा 6(2)(f)): यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ अदालत में आपराधिक मामला लंबित है, तो पासपोर्ट अथॉरिटी पासपोर्ट जारी करने या नवीनीकरण (Renew) से इनकार कर सकती है।

  • अदालत के चक्कर: हालांकि, सरकारी अधिसूचना GSR 570(E) के तहत अदालत से NOC (No Objection Certificate) लेकर पासपोर्ट बनवाया जा सकता है, लेकिन इसके लिए बार-बार कोर्ट के चक्कर काटने पड़ते हैं।

3. वीजा, PCC और विदेशी यूनिवर्सिटी में नो-एंट्री

विदेश जाने के लिए सिर्फ पासपोर्ट काफी नहीं होता, बल्कि Police Clearance Certificate (PCC) और Visa भी जरूरी होते हैं:

  • एडवर्स (Adverse) पुलिस रिपोर्ट: विदेश मंत्रालय (MEA) PCC तभी देता है जब पुलिस वेरिफिकेशन पूरी तरह 'क्लीन' हो। FIR लंबित होने पर adverse रिपोर्ट लगती है।

  • रिजेक्ट हो सकता है वीजा: अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के वीजा फॉर्म में क्रिमिनल रिकॉर्ड की जानकारी देना अनिवार्य है। दंगा या हिंसा से जुड़े मामलों को 'Crime Involving Moral Turpitude' माना जाता है, जिससे वीजा रिजेक्ट होने की संभावना लगभग तय हो जाती है।

  • स्कॉलरशिप से बेदखली: Chevening, Fulbright, DAAD या Commonwealth जैसी प्रतिष्ठित स्कॉलरशिप्स में “उत्कृष्ट चरित्र” (Good Character) की शर्त होती है। केस लंबित होने पर आवेदन सीधे खारिज हो सकता है।

4. प्राइवेट जॉब्स (MNCs) भी नहीं हैं सुरक्षित

अगर आप सोचते हैं कि कॉर्पोरेट या IT सेक्टर में इसका असर नहीं पड़ेगा, तो आप गलत हैं।

  • आजकल लगभग सभी बड़ी MNCs और IT कंपनियां पेशेवर थर्ड-पार्टी एजेंसियों से Background Verification (BGV) करवाती हैं।

  • गंभीर आपराधिक बैकग्राउंड मिलने पर जॉब ऑफर तुरंत वापस (Revoke) ले लिया जाता है।

अगर केस दर्ज हो जाए, तो क्या करें?

यदि जाने-अनजाने में नाम FIR में आ गया है, तो तुरंत ये कदम उठाएं:

  1. कानूनी सलाह लें: शुरुआत में ही किसी अनुभवी आपराधिक (Criminal) वकील से संपर्क करें।

  2. FIR क्वैश (Quash) करवाएं: यदि केस झूठा है या भूमिका बहुत मामूली है, तो उच्च न्यायालय (High Court) में याचिका दाखिल कर इसे रद्द करवाने का प्रयास करें।

  3. अदालत से अनुमति (NOC) लें: पासपोर्ट या यात्रा से जुड़े मामलों के लिए संबंधित कोर्ट से स्पष्ट अनुमति प्राप्त करें।

  4. कभी झूठ न बोलें: सरकारी जॉब फॉर्म या वीजा आवेदन में किसी भी आपराधिक प्रक्रिया की जानकारी कभी न छिपाएं।

(अस्वीकरण: यह लेख केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षणिक उद्देश्य से तैयार किया गया है। किसी भी कानूनी मामले में योग्य वकील से परामर्श अवश्य लें।)