जलनिकासी की सफाई के दौरान सफाईकर्मियों से मारपीट, थाने पहुंचे दर्जनों कर्मचारी

चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही स्थित कौशलपुरी कॉलोनी में जलभराव की सफाई और पानी निकासी के दौरान सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कर्मचारियों ने कॉलोनी निवासी व्यक्ति समेत दो लोगों पर गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और मारपीट का आरोप लगाया है। घटना से नाराज दर्जनों सफाई कर्मचारी चितईपुर थाने पहुंच गए और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
 

कौशलपुरी कॉलोनी में दो लोगों पर गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही स्थित कौशलपुरी कॉलोनी में जलभराव की सफाई और पानी निकासी के दौरान सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कर्मचारियों ने कॉलोनी निवासी व्यक्ति समेत दो लोगों पर गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और मारपीट का आरोप लगाया है। घटना से नाराज दर्जनों सफाई कर्मचारी चितईपुर थाने पहुंच गए और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

पाइप हटाने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, कौशलपुरी कॉलोनी में जलभराव के कारण जगह-जगह गंदगी और कीचड़ जमा है। इसी की सफाई और पानी निकासी के लिए सुपरवाइजर आनंद कुमार विश्वकर्मा, सफाई कर्मचारी आनंद और कमल चंद्र के साथ काम कर रहे थे। कर्मचारी पाइप के माध्यम से एक स्थान पर जमा पानी को दूसरी ओर निकालने के लिए पाइप हटा रहे थे।

इसी दौरान कॉलोनी निवासी विश्वास कुमार पांडेय एक अन्य व्यक्ति के साथ मौके पर पहुंचे। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि दोनों ने काम को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और धक्का देकर गिराने का प्रयास किया गया। कर्मचारियों ने सिर में चोट लगने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया है।

112 पर दी सूचना, पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ा
घटना के बाद सफाई कर्मचारियों ने पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर पर सूचना दी। साथ ही अपने पार्षद को भी मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस विश्वास कुमार पांडेय को पकड़कर चितईपुर थाने ले गई। इसके बाद कर्मचारियों ने थाने में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


थाने पहुंचे सैकड़ों सफाई कर्मचारी
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी थाने पहुंच गए। कर्मचारियों ने एकजुट होकर विरोध जताया और कहा कि वे जलभराव तथा गंदगी के बीच अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। ऐसे में काम के दौरान उनके साथ मारपीट और अभद्रता की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपितों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।