स्वयं सहायता समूह की दोना-पत्तल यूनिट का डीएम-सीडीओ ने किया निरीक्षण, बिजली बिल पर उठी चिंता

आराजी लाइन विकासखंड के ग्राम पंचायत महमदपुर में रविवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित मां शीतला स्वयं सहायता समूह की दोना-पत्तल निर्माण यूनिट का निरीक्षण किया। महिलाओं की कार्यकुशलता और आत्मनिर्भरता को देखकर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया और उनकी सराहना की। महिलाओं ने अधिक बिजली बिल की चिंता जताई। इस पर डीएम ने यूनिट को सोलर सिस्टम से जोड़ने के निर्देश दिए।
 

वाराणसी। आराजी लाइन विकासखंड के ग्राम पंचायत महमदपुर में रविवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित मां शीतला स्वयं सहायता समूह की दोना-पत्तल निर्माण यूनिट का निरीक्षण किया। महिलाओं की कार्यकुशलता और आत्मनिर्भरता को देखकर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया और उनकी सराहना की। महिलाओं ने अधिक बिजली बिल की चिंता जताई। इस पर डीएम ने यूनिट को सोलर सिस्टम से जोड़ने के निर्देश दिए।  

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देखा कि समूह की महिलाएं मशीनों के माध्यम से कुशलतापूर्वक दोना-पत्तल का निर्माण कर रही हैं और मशीनों का संचालन भी स्वयं कर रही हैं। इस दौरान समूह की अध्यक्ष सीमा पटेल ने अधिकारियों को यूनिट के कार्यों और उत्पादन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। बातचीत के दौरान महिलाओं ने एक महत्वपूर्ण समस्या भी उठाई। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली का बिल काफी बढ़ गया है, जिससे उनकी आमदनी पर असर पड़ रहा है।

महिलाओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोना-पत्तल निर्माण यूनिट को सोलर ऊर्जा से जोड़ा जाए, ताकि बिजली खर्च को कम किया जा सके और समूह की आय में वृद्धि हो। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाना है, इसलिए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान जरूरी है। निरीक्षण के दौरान उपयुक्त स्व-रोजगार पवन कुमार सिंह, बीडीओ आराजी लाइन सुरेंद्र सिंह यादव, एडीओ पंचायत सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।