मंडलायुक्त ने परियोजनाओं का किया निरीक्षण, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, कार्रवाई की दी चेतावनी
वाराणसी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने बुधवार को वाराणसी में चल रही कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता देखी। उन्होंने पुस्तकालय भवन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। साथ ही समयसीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम पूर्ण कराने के निर्देश दिए। लेटलतीफी व लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले सारनाथ से रिंग रोड तक सेतु निगम द्वारा बनाए जा रहे एलिवेटेड रोड का निरीक्षण किया। इसके बाद कज्जाकपुरा फ्लाईओवर के निर्माणाधीन हिस्सों का अवलोकन किया, जहां अवशेष कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर की यातायात प्रणाली के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कमिश्नर ने लालपुर स्थित प्रशासनिक ब्लॉक और पांडेपुर पुलिस स्टेशन के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन संरचनाओं की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की तथा मौके पर मौजूद अभियंताओं को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की सख्त हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान एल. टी. कॉलेज में विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए जा रहे पुस्तकालय भवन की धीमी प्रगति देखकर कमिश्नर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस प्रकार की सुस्त कार्यशैली अस्वीकार्य है और कार्य में तेजी लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा किया जाए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मंडलायुक्त ने सभी अभियंताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी परियोजना में देरी या लापरवाही पाई गई तो विभागीय उत्तरदायित्व तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों तथा निर्माण की गुणवत्ता के पालन पर भी विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सेतु निगम, विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग के अभियंता मौजूद रहे। कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि शहरवासियों को समय पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।