मंडलायुक्त, डीएम संग मंत्री रविंद्र जायसवाल ने विकास कार्यों की समीक्षा की, अफसरों को दी सख्त हिदायत
वाराणसी। प्रदेश के मंत्री रविंद्र जायसवाल ने शुक्रवार को शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मंडलायुक्त एस राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के साथ विकास कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद सर्किट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को हिदायत दी कि बारिश में सड़कों को खोदकर बदहाल न छोड़े, वरना सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मंत्री ने विशेष रूप से बारिश के मौसम में सड़क खुदाई के बाद मरम्मत में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विद्युत केबल, सीवर लाइन अथवा पेयजल पाइपलाइन बिछाने के बाद कई स्थानों पर सड़कें खोदकर छोड़ दी जाती हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। उन्होंने विद्युत विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी सभी सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसलिए जिन स्थानों पर विकास कार्यों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां अभियान चलाकर शीघ्र मरम्मत कार्य पूरा किया जाए। बैठक में रेलवे की ओर से चल रहे रेलवे लाइन चौड़ीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। ढेलवरिया, शैलपुत्री और नक्कीघाट क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने तथा भूमि अधिग्रहण को लेकर स्थानीय लोगों में उत्पन्न भ्रम की स्थिति पर चर्चा करते हुए मंत्री ने राजस्व विभाग और रेलवे अधिकारियों को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर लोगों की शंकाओं का समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार का असंतोष न फैले।
उन्होंने चौकाघाट वार्ड में रेलवे लाइन के किनारे ढेलवरिया से नक्कीघाट होते हुए शैलपुत्री चौराहे तक वैकल्पिक सड़क निर्माण की संभावनाओं पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अंधरापुल अंडरपास के चौड़ीकरण तथा गंगा और वरुणा नदी पर प्रस्तावित एलिवेटेड सड़क परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक के बाद मंत्री ने मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, रेलवे और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ अंधरापुल, चौकाघाट, ढेलवरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया, स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे लाइन के किनारे वैकल्पिक सड़क निर्माण की संभावनाओं का भी निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।