वाराणसी रोपवे परियोजना का मंडलायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए निर्देश
वाराणसी। मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने शुक्रवार को शहर में निर्माणाधीन रोपवे परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने रोपवे परियोजना से जुड़े सभी प्रमुख स्टेशनों पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से गिरजाघर और गोदौलिया स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना निदेशक पूजा मिश्रा को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि परियोजना का कार्य तय समयावधि में पूर्ण किया जाए, ताकि शहरवासियों को जल्द ही इसका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण के दौरान सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
मंडलायुक्त ने रोपवे के ओईएम (ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर) इंस्टॉलेशन से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजना से संबंधित सभी तकनीकी और निर्माण कार्यों को समन्वय के साथ आगे बढ़ाया जाए।
वाराणसी में देश का पहला शहरी पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे तैयार किया जा रहा है, जो वाराणसी कैंट से गोदौलिया तक संचालित होगा। यह परियोजना शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और लोगों को तेज एवं सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई जा रही है।
इस परियोजना का निर्माण नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड के माध्यम से किया जा रहा है, जो सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधीन कार्यरत संस्था है। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था एनएचएलएमएल की टीम, विश्वसमुद्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के परियोजना निदेशक एस. एस. राव और उनकी टीम भी मौजूद रही।