मंगला आरती में बाबा विश्वनाथ के साथ लड्डू गोपाल के हुए दिव्य दर्शन, गूंजा हर-हर महादेव का उद्घोष
वाराणसी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के भव्य आयोजन के अगले दिन शनिवार, 5 सितंबर 2026 की प्रातःकालीन वेला में श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण अद्भुत दृश्य देखने को मिला। भगवान श्री काशी विश्वनाथ की मंगला आरती के पावन अवसर पर श्री विश्वेश्वर के दिव्य स्वरूप के साथ लड्डू गोपाल ने भी भक्तों को एक साथ दर्शन दिए। बाबा विश्वनाथ के साथ कन्हैया के दर्शन का यह संयोग श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण और आध्यात्मिक आनंद का अवसर बना।
मंगला आरती के दौरान भगवान श्री काशी विश्वनाथ के सौम्य और कल्याणकारी स्वरूप के साथ भगवान लड्डू गोपाल विराजमान रहे। आरती और पूजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा। एक ओर श्रद्धालु भगवान विश्वेश्वर की आराधना में लीन रहे, वहीं लड्डू गोपाल के दिव्य दर्शन ने श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को और बढ़ा दिया।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में जन्माष्टमी के पश्चात हुए इस विशेष दर्शन को श्रद्धालुओं ने अत्यंत पुण्यदायी और अविस्मरणीय क्षण के रूप में अनुभव किया। बाबा विश्वनाथ और लड्डू गोपाल के एक साथ दर्शन ने भक्तों के मन में भक्ति, प्रेम और आध्यात्मिक चेतना का भाव और प्रगाढ़ किया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं के सुख, शांति, समृद्धि और भक्ति से परिपूर्ण जीवन की कामना की गई। साथ ही सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के निरंतर सशक्त होने की मंगलकामना व्यक्त की गई। बाबा विश्वनाथ और श्रीकृष्ण के इस दिव्य मिलन के दर्शन को श्रद्धालुओं ने आस्था का विशेष क्षण माना।