जिलाधिकारी ने दीनदयाल और कबीरचौरा अस्पताल का किया औचक निरीक्षण : अव्यवस्थाओं पर सख्ती, सफाई और मरम्मत के दिए कड़े निर्देश

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को शहर के प्रमुख सरकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को खामियों को तुरंत दूर करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, मरम्मत कार्य और मरीजों की सुविधा से जुड़ी कई कमियां सामने आईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
 

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को शहर के प्रमुख सरकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को खामियों को तुरंत दूर करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, मरम्मत कार्य और मरीजों की सुविधा से जुड़ी कई कमियां सामने आईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।

पं. दीन दयाल अस्पताल में मिली खामियां, सुधार के निर्देश
जिलाधिकारी ने पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करते हुए सीटी स्कैन भवन के खराब शौचालय को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही बगल की बिल्डिंग के टैंक से गिर रहे पानी और साफ-सफाई की खराब स्थिति को भी गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने अस्पताल में मरम्मत कार्यों के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से प्लम्बर और टेक्निशियन रखने का निर्देश दिया, ताकि छोटी-छोटी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।

मरीजों की सुविधा पर विशेष जोर, कर्मचारियों को निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एक तीमारदार से बातचीत कर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल कर्मचारियों—वार्ड बॉय, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिक्स—को हमेशा ड्यूटी पर तैनात रहने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को समय पर सहायता मिल सके। परिसर में इधर-उधर रखे स्ट्रेचरों को व्यवस्थित रखने के लिए भी फार्मासिस्ट को निर्देशित किया गया।

ट्रामा सेंटर और डायलिसिस यूनिट की व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा
जिलाधिकारी ने ट्रामा सेंटर के इमरजेंसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, ईसीजी कक्ष और स्टोर रूम का भी निरीक्षण किया। डायलिसिस यूनिट में साफ-सफाई और सेनेटाइजेशन की स्थिति सुधारने के निर्देश सीएमओ को दिए। इसके अलावा अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की प्रगति की जानकारी भी ली।

कबीरचौरा और महिला अस्पताल में भी जांच
इसके बाद जिलाधिकारी ने एसएसपीजी मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा और राजकीय महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। महिला अस्पताल में प्रीमेच्योर बेबी इनक्यूबेटर, ऑटोक्लेव और अन्य मशीनों के संचालन की प्रक्रिया को विस्तार से समझा और सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नई स्वास्थ्य सुविधाओं के निर्माण कार्य का भी अवलोकन
निरीक्षण के दौरान नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए बनने वाले स्पेशल न्यूबोर्न केयर यूनिट और एसएसपीजी मंडलीय चिकित्सालय में प्रस्तावित 500 बेड के नए अस्पताल व आवासीय भवन के लिए चिन्हित स्थलों का भी अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।

अधिकारी और स्टाफ रहे मौजूद
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, सीएमओ, सीएमएस सहित अन्य संबंधित अधिकारी और अस्पताल स्टाफ मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।