वाराणसी में दिनेश लाल यादव और आम्रपाली दुबे ने की शूटिंग, बिना लाइफ जैकेट नाव पर गंगा में घूमे, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
फिल्म अभिनेता और भाजपा नेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ और आम्रपाली दुबे ने वाराणसी में शूटिंग की। इस दौरान दिनेशलाल यादव और आम्रपाली के साथ ही क्रू मेंबर भी बिना लाइफ जैकेट गंगा में नौका पर सवार दिखे। इससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वाराणसी। फिल्म अभिनेता और भाजपा नेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ और आम्रपाली दुबे ने वाराणसी में शूटिंग की। इस दौरान दिनेशलाल यादव और आम्रपाली के साथ ही क्रू मेंबर भी बिना लाइफ जैकेट गंगा में नौका पर सवार दिखे। इससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
गंगा में नाव संचालन के दौरान यात्रियों और नाव पर मौजूद सभी लोगों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य माना जाता है। प्रशासन समय-समय पर इस नियम का पालन कराने के लिए अभियान भी चलाता रहा है। नियमों की अवहेलना करने वाले नाविकों और संचालकों के खिलाफ कई बार कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद शूटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन न किए जाने की तस्वीरें सामने आने के बाद चर्चा तेज हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब आम नागरिकों और नाविकों पर नियम तोड़ने के मामले में कार्रवाई होती है, तब सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों और फिल्म यूनिटों से भी समान रूप से नियमों के पालन की अपेक्षा की जानी चाहिए। उनका मानना है कि ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति के लिए अलग मानक नहीं होने चाहिए।
इस मामले में जिला प्रशासन, जल पुलिस या संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। अब यह देखना होगा कि मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं।