बरेका में बुद्ध पूर्णिमा पर धम्म संगोष्ठी और सांस्कृतिक संध्या, करुणा व अहिंसा का दिया संदेश

बरेका में त्रिविध पावनी बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को रंगशाला परिसर में धम्म संगोष्ठी एवं भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बोधिसत्व एवं बुद्ध समाज कल्याण समिति, बरेका के तत्वावधान में आयोजित हुआ। इसमें बुद्ध के जीवन चरित्र के माध्यम से करूणा और अहिंसा का संदेश दिया गया। 
 

वाराणसी। बरेका में त्रिविध पावनी बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को रंगशाला परिसर में धम्म संगोष्ठी एवं भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बोधिसत्व एवं बुद्ध समाज कल्याण समिति, बरेका के तत्वावधान में आयोजित हुआ। इसमें बुद्ध के जीवन चरित्र के माध्यम से करूणा और अहिंसा का संदेश दिया गया। 

कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता के रूप में पूज्य भन्ते बुधज्योति, पूज्य भन्ते श्रेयस्कर तथा अधिवक्ता प्रेम नाथ शर्मा ने भगवान बुद्ध के जीवन, उनके उपदेशों और मानवता के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बुद्ध के धम्म, करुणा, अहिंसा और समता के सिद्धांतों को आज के समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताया और इन्हें जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

धम्म संगोष्ठी के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भगवान बुद्ध के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और भक्तिमय बना दिया, जिससे उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान बुद्ध के बताए मार्ग पर चलने और उनके उपदेशों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम का आयोजन बोधिसत्व एवं बुद्ध समाज कल्याण समिति तथा ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे इम्प्लाइज एसोसिएशन, बरेका, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। पूरे आयोजन का संचालन कृष्णायन द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। इस अवसर पर बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, कर्मचारी परिषद सदस्य नवीन कुमार सिन्हा और सुशील कुमार सिंह, अमित कुमार, एससी/एसटी एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कुमार, हरि शंकर, नवीन कुमार, उमेश चंद सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।