विकास प्राधिकरण प्रवर्तन दल ने 23 निर्माण स्थलों का किया निरीक्षण, चार अवैध निर्माम किए सील, मंचा हड़कंप
वाराणसी। विकास प्राधिकरण की ओर से रिंग रोड क्षेत्र में निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान 23 निर्माण स्थलों का जायजा लिया गया। अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा, अवर अभियंता रोहित कुमार व प्रवर्तन दल की टीम ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 4 अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया, जिनमें बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण किया जा रहा था। प्राधिकरण की कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में खलबली मची रही।
मौजा-हरिहरपुर (वार्ड-शिवपुर) में रिंकू जायसवाल द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए 40' x 70' वर्गफुट क्षेत्र में भवन निर्माण कर फिनिशिंग कार्य किया जा रहा था। इस स्थल को पूर्व में भी सील किया गया था। इसे पुनः सील किया गया। होटल काशी से 200 मीटर दूर, कौवापुर (हरिहरपुर) में शशांक कुमार सिंह द्वारा 6000 वर्गफुट भूखंड पर 20' x 50' वर्गफुट में जी+2 भवन का अवैध निर्माण किया गया था। पूर्व में नोटिस दिए जाने के बाद भी निर्माण जारी रहने पर सील कर दिया गया।
कोईराजपुर (गंजारी जाने वाली रिंग रोड) क्षेत्र में विकास वर्मा द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के 50' x 60' क्षेत्र में रो हाउस का निर्माण किया जा रहा था। उक्त स्थल को भी तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। रामसिंहपुर, परगना अठगांवा (वार्ड-शिवपुर) में शालिनी शर्मा द्वारा 75 बिस्वा भूमि पर 1200 वर्गफुट में हाल एवं 2800 वर्गफुट में दीवारें खड़ी कर निर्माण कार्य किया जा रहा था। प्राधिकरण द्वारा निर्माण कार्य को रोकते हुए स्थल को सील कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रवर्तन दल, सुपरवाइजर व पुलिस बल भी मौके पर उपस्थित रहे। जोनल अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि अन्य ऐसे प्रकरणों में जहां बिना स्वीकृति निर्माण या आवासीय मानचित्र पर व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा है, शीघ्र सील व शमन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।