केदार घाट पर पीतल के 5000 दीपों से सजेगी देव दीपावली, गौरी केदारेश्वर महादेव का होगा विशेष पूजन

देव दीपावली पर काशी के केदार घाट पर इस बार पांच हजार पारंपरिक पीतल के दीपों से दीपोत्सव मनाया जाएगा। दीपों की स्वर्णिम रोशनी से घाट की सीढ़ियां और आसपास का परिसर जगमगाएगा। इस अवसर पर गौरी केदारेश्वर महादेव का विधि-विधान से विशेष पूजन किया जाएगा। गौरी केदारेश्वर देव दीपावली साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गंगा सेवा समिति की ओर से आयोजन को भव्य और पारंपरिक स्वरूप देने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
 

गंगा आरती के बाद सजेगी सांस्कृतिक संध्या, पारंपरिक दीपोत्सव की तैयारियों में जुटी समिति

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी के केदार घाट पर इस बार पांच हजार पारंपरिक पीतल के दीपों से दीपोत्सव मनाया जाएगा। दीपों की स्वर्णिम रोशनी से घाट की सीढ़ियां और आसपास का परिसर जगमगाएगा। इस अवसर पर गौरी केदारेश्वर महादेव का विधि-विधान से विशेष पूजन किया जाएगा। गौरी केदारेश्वर देव दीपावली साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गंगा सेवा समिति की ओर से आयोजन को भव्य और पारंपरिक स्वरूप देने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

समिति के अध्यक्ष पंडित महेश तिवारी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी केदार घाट पर पीतल के दीपों में बाती जलाकर देव दीपावली मनाई जाएगी। पांच हजार दीपों की कतारें घाट की सीढ़ियों, किनारों और आसपास के परिसर को रोशनी से भर देंगी। दीपोत्सव के दौरान गौरी केदारेश्वर महादेव का विधिवत पूजन-अर्चन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीतल के दीपों से दीपदान करना समिति की परंपरा का हिस्सा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी विशेष आयोजन किया जा रहा है।

देव दीपावली को देखते हुए घाट की साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है। सीढ़ियों की सफाई के बाद रंग-रोगन किया जा रहा है। इसके साथ ही घाट को फूल-मालाओं से सजाकर आकर्षक रूप दिया जाएगा। आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में समिति के सदस्य जुटे हुए हैं। दीपदान और महादेव के पूजन को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह है।

देव दीपावली की शाम गंगा आरती के बाद केदार घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से काशी की आध्यात्मिक विरासत, लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई जाएगी। गंगा की लहरों के बीच पांच हजार पीतल के दीपों की रोशनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां केदार घाट के उत्सव को विशेष छटा प्रदान करेंगी।