Dev Deepawali: काशी में अभेद्य सुरक्षा घेरा, 25 आईपीएस, 50 सीओ, तीन हजार पुलिसकर्मी व ATS की निगरानी, वॉच टॉवर और छतों से रखी जाएगी नजर, घाटों का एरिया नो फ्लाई जोन 

देव दीपावली पर काशी में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन का व्यापक खाका तैयार किया है। पूरे आयोजन क्षेत्र को सेक्टर और जोन में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। 25 आईपीएस अधिकारियों, 50 डिप्टी एसपी और करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि घाटों से लेकर यातायात और पार्किंग तक हर व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है।
 

देव दीपावली पर काशी में लगभग 10 लाख सैलानियों व श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, एयरशो की तर्ज पर होगा ट्रैफिक मैनेजमेंट

घाटों के आसपास बनाई जाएंगी वाहनों की पार्किंग, गाइड की तर्ज पर काम करेंगे पुलिसकर्मी, लोगों को कहेंगे सर-मैडम

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन का व्यापक खाका तैयार किया है। पूरे आयोजन क्षेत्र को सेक्टर और जोन में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। 25 आईपीएस अधिकारियों, 50 डिप्टी एसपी और करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि घाटों से लेकर यातायात और पार्किंग तक हर व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि देव दीपावली पर इस बार परंपरागत आतिशबाजी और लाइट एंड साउंड शो के साथ पहली बार भव्य ड्रोन शो भी आयोजित किया जाएगा। आयोजन को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि गंगा के दोनों किनारों से इसका नजारा देखा जा सके। वाराणसी के पक्के घाटों के अलावा रामनगर और चंदौली की तरफ से भी लोग आयोजन का आनंद ले सकेंगे। इसके लिए गंगा के दूसरी ओर घाटों की जमीन का समतलीकरण कराया जा रहा है।

नो फ्लाई जोन में रहेंगे घाट, एटीएस और क्यूआरटी संभालेंगी सुरक्षा
देव दीपावली के दौरान घाटों का पूरा क्षेत्र नो फ्लाई जोन रहेगा। सुरक्षा के लिए एटीएस और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात रहेंगी। वॉच टावरों से घाटों की निगरानी की जाएगी, जबकि गंगा में जल पुलिस मुस्तैद रहेगी। नावों के सुरक्षित संचालन के लिए गंगा को दो हिस्सों में बांटा जाएगा। एक तरफ से नावें जाएंगी और दूसरी तरफ से लौटेंगी, ताकि उनके बीच टक्कर की आशंका न रहे। नावों में बिना लाइफ जैकेट किसी को बैठने की अनुमति नहीं होगी। ओवरलोडिंग करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। नाविकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच भी होगी।


एयर शो के क्राउड मैनेजमेंट मॉडल पर होगी व्यवस्था
पुलिस आयुक्त ने बताया कि एयर शो के दौरान करीब 30 लाख लोग गंगा किनारे पहुंचे थे। उस समय जिस तरह से भीड़ का प्रबंधन किया गया था, उसी मॉडल पर देव दीपावली में भी व्यवस्थाएं की जाएंगी। यातायात नियंत्रण और पार्किंग की ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी न हो। पार्किंग स्थल घाटों से एक से डेढ़ किलोमीटर के दायरे में बनाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को अधिक पैदल न चलना पड़े। आयोजन क्षेत्र में बैरिकेडिंग कराई जा रही है।


पुलिसकर्मियों को दी जा रही विशेष ट्रेनिंग
भीड़ प्रबंधन के साथ पुलिस के व्यवहार को भी आयोजन का अहम हिस्सा बनाया गया है। पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों से बातचीत के दौरान 'सर' और 'मैडम' जैसे सम्मानजनक संबोधन का इस्तेमाल करें। पुलिसकर्मी केवल सुरक्षा व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि जरूरत पड़ने पर गाइड की भूमिका भी निभाएंगे। पुलिस आयुक्त के मुताबिक, इससे श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा और आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।