Dev Deepawali: दीपों की आभा, रंगोलियों की छटा और आतिशबाजी के बीच मां गंगा की भव्य आरती, जयघोष से गूंजा घाट

देव दीपावली के पावन पर्व पर काशी के गंगा घाटों पर आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। इसी क्रम में जय मां गंगा सेवा समिति की ओर से मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन किया गया। दीपों की जगमगाहट, आकर्षक रंगोलियों, वैदिक मंत्रोच्चार और रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच मां गंगा की आरती ने घाट की छटा को अलौकिक बना दिया। आरती के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान होता रहा।
 

जय मां गंगा सेवा समिति के आयोजन में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, बाबा विश्वनाथ, मां काली और प्रभु श्रीराम की रंगोलियां बनीं आकर्षण का केंद्र

वाराणसी। देव दीपावली के पावन पर्व पर काशी के गंगा घाटों पर आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। इसी क्रम में जय मां गंगा सेवा समिति की ओर से मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन किया गया। दीपों की जगमगाहट, आकर्षक रंगोलियों, वैदिक मंत्रोच्चार और रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच मां गंगा की आरती ने घाट की छटा को अलौकिक बना दिया। आरती के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान होता रहा।

मां गंगा की आरती शुरू होते ही श्रद्धालु भक्ति में लीन हो गए। आरती के दीपों से निकलती सुनहरी रोशनी, घंटियों की मधुर ध्वनि और मंत्रोच्चार ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर मां गंगा का पूजन-अर्चन किया और सुख-समृद्धि की कामना की। आरती के दौरान घाट पर मौजूद लोगों के चेहरे पर आस्था और उत्साह साफ झलक रहा था। देश के विभिन्न हिस्सों से काशी पहुंचे पर्यटक और श्रद्धालु इस अद्भुत दृश्य को अपने मोबाइल फोन और कैमरों में कैद करते नजर आए।

समिति की ओर से घाट पर बनाई गई आकर्षक रंगोलियां भी आयोजन का विशेष आकर्षण रहीं। रंग-बिरंगे रंगों से बाबा विश्वनाथ, मां काली, मां गंगा की आरती और भगवान श्रीराम सहित विभिन्न धार्मिक आकृतियों को उकेरा गया था। इन रंगोलियों के चारों ओर जलते दीपों ने उनकी सुंदरता को कई गुना बढ़ा दिया। श्रद्धालु इन कलात्मक आकृतियों के सामने रुककर तस्वीरें लेते और उनकी सराहना करते दिखाई दिए।

घाट की सीढ़ियों पर भी दीपों की लंबी कतारें सजाई गई थीं। एक-एक कर जलते दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। गंगा तट पर जलते दीपों और उनके प्रकाश से निखरे धार्मिक प्रतीकों ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, मानो धरती पर सितारे उतर आए हों।

वहीं, आरती के दौरान हुई रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने उत्सव की भव्यता में चार चांद लगा दिए। आसमान में बिखरती रंगीन रोशनी और नीचे घाटों पर झिलमिलाते दीपों के बीच मां गंगा की आरती का दृश्य देखते ही बन रहा था। देव दीपावली पर जय मां गंगा सेवा समिति का यह आयोजन काशी की सनातन परंपरा, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत की अनुपम झलक पेश कर गया। श्रद्धालुओं के लिए मां गंगा की आरती और दीपोत्सव का यह अनुभव यादगार बन गया।

देखिये तस्वीरें..