Dev Deepawali 2024 : देवताओं के स्वागत को सज रही काशी, दीपों की आभा से आलोकित होंगे घाट, मां गंगा की भव्य महाआरती, मनोज तिवारी देंगे खास प्रस्तुति 

देव दीपावली पर देवताओं के स्वागत के लिए काशी सजकर तैयार हो रही है। कार्तिक पूर्णिमा की शाम एक साथ असंख्य दीपों की रोशनी से काशी का कोना-कोना आलोकित हो उठेगा। वहीं दशाश्वमेध घाट पर विविध आयोजन होंगे। यहां मां गंगा की 108 किलो अष्टधातु की प्रतिमा का श्रृंगार किया जाएगा। वहीं गंगोत्री सेवा समिति की ओर से 151 लीटर दूध से अभिषेक होगा। देव दीपावली पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा सांसद व भोजपुरी गायक मनोज तिवारी अपनी खास प्रस्तुति देंगे। 
 

वाराणसी। देव दीपावली पर देवताओं के स्वागत के लिए काशी सजकर तैयार हो रही है। कार्तिक पूर्णिमा की शाम एक साथ असंख्य दीपों की रोशनी से काशी का कोना-कोना आलोकित हो उठेगा। वहीं दशाश्वमेध घाट पर विविध आयोजन होंगे। यहां मां गंगा की 108 किलो अष्टधातु की प्रतिमा का श्रृंगार किया जाएगा। वहीं गंगोत्री सेवा समिति की ओर से 151 लीटर दूध से अभिषेक होगा। देव दीपावली पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा सांसद व भोजपुरी गायक मनोज तिवारी अपनी खास प्रस्तुति देंगे। 

देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की भव्य महाआरती की जाएगी। 42 ऋद्धि-सिद्धि, 21 बटुक और 21 डमरू दल मां गंगा की महाआरती करेंगे। आरती के बाद सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। गंगोत्री सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष किशोरी रमण दुबे बाबू महाराज ने बताया कि गंगोत्री सेवा समिति की देव दीपावली देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को समर्पित रहेगी। समिति के सचिव पं. दिनेश दुबे ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता सुमेरू पीठ के शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती करेंगे। 

दीपों की रोशनी के जगमग होगा गोमती का किनारा, केदार घाट पर होगी भव्य महाआरती 
काशी के प्रत्येक घाट पर अलग-अलग अंदाज में देव दीपावली मनाई जाएगी। केदार घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से मां गंगा की भव्य महाआरती की जाएगी। इसमें वेद पाठ, दीपों की श्रृंखला और झांकी के साथ मां गंगा की विशेष आराधना की जाएगी। देव दीपावली पर गोमती नदी के दो घाटों को दीपों से सजाया जाएगा। घाट पर स्थापित मां वनस्पति और मां जालपा देवी मंदिरों की भव्य सजावट की जाएगी। 

बाबा मशाननाथ की झांकी सजेगी 
हरिश्चंद्र घाट पर देव दीपावली पर बाबा मशाननाथ की झांकी सजाई जाएगी। घाट पर स्थित बाबा मशाननाथ मंदिर में बाबा की मिट्टी की छह फीट ऊंची प्रतिमा तैयार की गई है। जटाधारी बाबा की मुड माला से युक्त विराट प्रतिमा को मशाननाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए रखा जाएगा।