Dev Deepawali 2024 : झांकियों में दिखेगी अहिल्याबाई होलकर की वीरगाथा, नारी सशक्तीकरण का देंगे संदेश
वाराणसी। देव दीपावली पर काशी के घाट दुल्हन की सजेंगे। घाटों का कोना-कोना लाखों की दीयों की रोशनी से आलोकित होगा। वहीं काशी को सहेजने में अपना अहम योगदान देने वाली अहिल्याबाई होलकर की झांकी तीन घाटों पर सजाई जाएगी। इन झांकियों में उनकी वीरगाथा दिखेगी। इसके अलावा घाटों पर झाकियों के जरिये नारी सशक्तीकरण और नशामुक्ति का भी संदेश दिया जाएगा।
वाराणसी में गंगा, वरूणा और गोमती के तटों के साथ ही कुंडो, तालाबों समेत 221 स्थानों पर दीये जलाए जाएंगे। जिला प्रशासन के साथ ही तमाम संस्थाएं भी अपने स्तर से दीप जलाएंगी। अलग-अलग घाटों पर अलग-अलग थीम के साथ देव दीपावली मनाई जाएगी। अहिल्याबाई, पंचगंगा और मणिकर्णिका घाट पर अहिल्याबाई होलकर की झांकी सजाकर दीये जलाए जाएंगे। राजघाट समेत आसपास के घाटों पर गायत्री माता, नशा मुक्ति, नारी सशक्तीकरण आदि का संदेश दिया जाएगा। वहीं भोसले घाट पर दीप जलाकर रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिये दिखाएंगे काशी का अतीत और धार्मिक यात्रा
देव दीपावली के अवसर पर प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिये पर्यटकों को काशी के अतीत और धार्मिक यात्रा का इतिहास दिखाया जाएगा। देव दीपावली पर आनंद कानन, भगवान शिव का काशी आगमन, बुद्ध और जैन तीर्थंकरों की कहानियां दिखाई जाएंगी। वहीं चेत सिंह घाट पर शाम 5.30 बजे, 7.00 बजे और 8.45 बजे तीन बार लेजर शो होगा।
देव दीपावली पर होगी निर्बाध बिजली आपूर्ति
देव दीपावली के अवसर पर घाटों वाले इलाकों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए बिजली निगम ने तैयारी पूरी कर ली है। घाटों पर बिजली आपूर्ति सुचारू रहे, इसके लिए घाटों के किनारे विशेष फीडर बनाए गए हैं।