राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में पारदर्शितापूर्ण कार्रवाई की मांग, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष बोले- सवालों के जवाब मिलने तक जारी रहेगा अभियान
वाराणसी। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी का जनजागरण अभियान मंगलवार को रामनगर पहुंचा। अभियान की 12वीं कड़ी के तहत लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा के सामने स्थित प्राचीन संकट हरण हनुमान मंदिर परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद सामूहिक आरती कर सत्य, न्याय और पारदर्शिता की प्रार्थना की गई। इसी के साथ अभियान के प्रथम चरण का समापन हुआ।
अयोध्या के चढ़ावा प्रकरण में जून में आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बाद की जांच में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चढ़ावे से जुड़ी 105 घटनाओं की जानकारी सामने आने की रिपोर्ट प्रकाशित हुई है। कांग्रेस की ओर से इसी मामले में जांच की पारदर्शिता और जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग लगातार उठाई जा रही है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित किए जाने वाले चढ़ावे की व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने कहा कि मामले में जिन लोगों की भूमिका को लेकर सवाल सामने आए हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच के आधार पर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
चौबे ने कहा कि कांग्रेस किसी धर्म या धार्मिक आस्था के खिलाफ नहीं है। पार्टी की मांग केवल इतनी है कि चढ़ावे से जुड़े मामले में उठे सवालों का स्पष्ट जवाब जनता के सामने रखा जाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि जांच को केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। जिन अधिकारियों या जिम्मेदार पदों पर रहे लोगों की भूमिका जांच के दायरे में आती है, उसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। किसी को पद या प्रभाव के आधार पर जवाबदेही से बाहर नहीं रखा जाना चाहिए।
महानगर कांग्रेस के अनुसार पिछले कई सप्ताह से प्रत्येक मंगलवार को अलग-अलग हनुमान मंदिरों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किया जा रहा था। पार्टी नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग जनता तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य रहा है। प्रथम चरण की 12वीं कड़ी के बाद दूसरे चरण के कार्यक्रम की घोषणा जल्द करने की बात कही गई।
कार्यक्रम का संयोजन महानगर कांग्रेस महासचिव राजेंद्र गुप्ता और महानगर उपाध्यक्ष व कैंट विधानसभा प्रभारी सतनाम सिंह ने किया। इस दौरान डॉ. राजेश गुप्ता, प्रवीण प्रकाश, वकील अंसारी, अनुराधा यादव, संतोष चौरसिया, घनश्याम सिंह, सुनील राय, रंजना गुप्ता, समीम अख्तर, नित्यानंद पाठक, मोहम्मद यासीन, सदानंद तिवारी, रामजी गुप्ता, गोपाल साहू, प्रेमदीप तिवारी, कुंवर बबलू बिंद, पुलक त्रिपाठी, शिवजी मौर्य, बृजेंद्र किशोर पांडेय, रेनू चौधरी, सुरेंद्र कनोजिया, संगीता रावत, पुष्पा देवी, शमशाद, विजय देवल, कृष्णा गौड़, मोहम्मद उज्जैर, किशन यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।