नरिया में तीन मंजिला मकान से गिरकर डिलीवरी बॉय की मौत, पिता की तहरीर पर दो नामजद समेत अज्ञात पर केस दर्ज
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नरिया इलाके में तीन मंजिला मकान से गिरकर एक 21 वर्षीय डिलीवरी बॉय की मौत के मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को विवाद के बाद जान से मारने की नीयत से छत से नीचे फेंक दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, मृतक आदर्श कुमार लंका क्षेत्र के नरिया प्राइमरी स्कूल के पास स्थित सुदीप श्रीवास्तव के मकान में किराए पर रहता था और ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य करता था। वह मूल रूप से बलिया का रहने वाला था। उसके पिता अरुण कुमार गुप्ता पिछले करीब 15 वर्षों से वाराणसी में किराए के मकान में रह रहे हैं।
अरुण कुमार गुप्ता ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि बीते रविवार की रात अजय बंगाली, डब्लू पासी और उनके अन्य साथी आदर्श को जैन मंदिर, नरिया के पीछे स्थित रंजीत विश्वकर्मा के मकान में पार्टी के लिए ले गए थे। आरोप है कि रात करीब 12 बजे किसी बात को लेकर आदर्श और आरोपियों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की नीयत से मकान की छत से नीचे फेंक दिया।
घटना के बाद उसी मकान में रहने वाली एक महिला ने आदर्श के परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल आदर्श को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे कोमा में होने की जानकारी दी। इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता की शिकायत पर लंका थाने में अजय बंगाली, डब्लू पासी सहित 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के साथ अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।