राजघाट पुल पर कार की टक्कर से डिलीवरी ब्वाय की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

रामनगर थाना क्षेत्र के राजघाट पुल की ढलान पर शनिवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार डिलीवरी ब्वाय की मौत हो गई। मृतक की पहचान 18 वर्षीय आर्यन यादव के रूप में हुई है, जो पड़ाव क्षेत्र के भोजपुर गांव का निवासी था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। 
 

वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र के राजघाट पुल की ढलान पर शनिवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार डिलीवरी ब्वाय की मौत हो गई। मृतक की पहचान 18 वर्षीय आर्यन यादव के रूप में हुई है, जो पड़ाव क्षेत्र के भोजपुर गांव का निवासी था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। 

आर्यन यादव ब्लिंकइट कंपनी में डिलीवरी ब्वाय के रूप में काम करता था। शनिवार को वह अलग-अलग स्थानों पर खाद्य सामग्री की डिलीवरी कर रात में अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान राजघाट पुल की ढलान पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि आर्यन के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार आर्यन के पिता ट्रक चालक हैं और इस समय पुणे में हैं। घटना की सूचना के बाद मां मुंबई से घर पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया, जिसके बाद सूजाबाद स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

रामनगर थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।