संकटमोचन दरबार में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लगाई हाजिरी, दर्शन-पूजन कर देश के कल्याण की कामना की
वाराणसी। दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार शाम संकटमोचन दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर देशवासियों के सुख, शांति और कल्याण की कामना की। मंदिर पहुंचने पर संकटमोचन मंदिर के महंत प्रोफेसर विश्वंभरनाथ मिश्रा ने रक्षामंत्री का स्वागत किया।
रक्षामंत्री ने मंदिर में हनुमान जी के समक्ष मत्था टेककर पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल रहा। दर्शन-पूजन के अवसर पर भाजपा नेता शंकर गिरी, राणा प्रताप सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। राजनाथ सिंह शनिवार शाम बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। यहां से वह सड़क मार्ग से कैंटोनमेंट स्थित 39 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर (जीटीसी) पहुंचे। रक्षामंत्री दर्शन-पूजन के बाद 39 जीटीसी में रात्रि विश्राम करेंगे।
रविवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में शामिल होंगे। गंगा के ऊपर होने वाले इस हवाई प्रदर्शन में वायुसेना के लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर अपनी क्षमता और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर वाराणसी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रक्षामंत्री के दौरे और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस सतर्क हैं।