पीएम मोदी के रिकॉर्ड कार्यकाल पर काशी में दीपोत्सव, विश्वनाथ धाम में जलेंगे दीप

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का नया रिकॉर्ड बनने पर बुधवार को काशी में विशेष दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी की ओर से शहर के प्रमुख मंदिरों, घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर इस उपलब्धि का उत्सव मनाया जाएगा।
 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का नया रिकॉर्ड बनने पर बुधवार को काशी में विशेष दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी की ओर से शहर के प्रमुख मंदिरों, घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर इस उपलब्धि का उत्सव मनाया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह शाम 4:30 बजे लहुराबीर स्थित काशी अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचकर मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित दीपोत्सव में भाग लेंगे और दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।

भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के प्रधानमंत्री पद पर सबसे लंबे कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और पूरे शहर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता सुबह से ही जनजागरुकता अभियान चलाएंगे। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों, प्रमुख मंदिरों, घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान के साथ-साथ पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। सुबह 8 बजे मंदिरों में दर्शन-पूजन तथा प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा।

इसके अलावा अस्पतालों, सामुदायिक रसोई केंद्रों, वृद्धाश्रमों और सेवा संस्थानों में जरूरतमंद लोगों को फल, दवा, वस्त्र, साबुन सहित अन्य आवश्यक सामग्री भी वितरित की जाएगी। भाजपा नेताओं के अनुसार यह आयोजन सेवा, स्वच्छता और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास होगा।