ध्वस्तीकरण का मलबा सड़क पर फैलाना पड़ा भारी, नगर निगम ने टकसाल सिनेमा पर लगाया जुर्माना
नगर निगम की कार्रवाई से मचा हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर शुरू कराई सफाई
वाराणसी। शहर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। सार्वजनिक मार्ग पर ध्वस्तीकरण का मलबा और मिट्टी फैलाकर गंदगी व प्रदूषण की स्थिति पैदा करने पर नगर निगम ने टकसाल सिनेमा प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की है। ताज होटल के सामने नदेसर राजा बाजार क्षेत्र स्थित टकसाल सिनेमा परिसर में ध्वस्तीकरण के दौरान सड़क और आसपास के मार्ग पर मलबा फैलाने के मामले में निगम ने चार हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
नगर निगम के अनुसार टकसाल सिनेमा परिसर में इन दिनों तोड़फोड़ और ध्वस्तीकरण का कार्य चल रहा है। इस दौरान बड़ी मात्रा में निकला मलबा और मिट्टी परिसर से बाहर सड़क तथा पूरे मार्ग पर फैल गया। इससे मार्ग पर गंदगी के साथ ही धूल और प्रदूषण की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्वच्छता निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारियों की नजर इस पर पड़ी।
स्वास्थ्य विभाग ने काटा चालान
मामला सामने आने के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। उत्तर प्रदेश ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, संचालन एवं स्वच्छता नियमावली-2021 की धारा 46 के तहत आकाश राय (टकसाल) पर चार हजार रुपये का स्थलीय जुर्माना लगाया गया और चालान काटा गया। इसके साथ ही नगर निगम की टीम ने संबंधित स्थल और सड़क पर सफाई व्यवस्था शुरू कराई, ताकि मार्ग से मलबा हटाकर स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।
लापरवाही पर आगे भी होगी कार्रवाई
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नगर निगम लगातार कार्रवाई करेगा। सार्वजनिक मार्गों पर गंदगी, मलबा या प्रदूषण फैलाने वाले संस्थानों और व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा। नगर निगम ने निर्माण और ध्वस्तीकरण कार्य कराने वाले संस्थानों से भी अपील की है कि वे मलबे के निस्तारण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें और सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करें।