काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता-2026 की तारीखों में बदलाव
वाराणसी। काशी के धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, मंदिर, घाट, साहित्य, संगीत और पत्रकारिता जैसे विषयों पर आधारित काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता-2026 की तिथियों में आंशिक संशोधन कर दिया गया है। मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार यह प्रतियोगिता पहले 25 अगस्त से 3 सितंबर 2026 के बीच आयोजित की जानी प्रस्तावित थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसमें बदलाव किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत स्कूल और कॉलेज स्तर की प्रतियोगिता अब 29 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी। उसी दिन गांव और वार्ड स्तर की प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। विकास खंड और जोनल स्तर पर स्कूल-कॉलेज वर्ग की प्रतियोगिता 1 सितंबर को तथा अन्य वर्ग की प्रतियोगिता भी 1 सितंबर को ही रखी गई है। सभी स्तरों की जिला स्तरीय फाइनल प्रतियोगिता 3 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों और प्रतियोगिता से जुड़े पदाधिकारियों को नई तिथियों के अनुसार आवश्यक तैयारी और कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। यह प्रतियोगिता काशी की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।