51 हजार दीपों से जगमग होगा दशाश्वमेध घाट, 21 कुंतल फूलों से होगी सजावट, अनूप जलोटा देंगे स्वरांजलि

देव दीपावली पर काशी के दशाश्वमेध घाट पर आध्यात्मिकता और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। गंगा सेवा निधि की ओर से 24 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य देव दीपावली महोत्सव में 51 हजार दीपों और 21 कुंतल फूल-मालाओं से घाट को सजाया जाएगा। 21 अर्चक वैदिक रीति से भगवती मां गंगा की महाआरती करेंगे। समारोह में प्रख्यात गायक पद्मश्री अनूप जलोटा मां गंगा के तट पर स्वरांजलि प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान देश के अमर बलिदानी सैनिकों और सुरक्षा बलों के जवानों की स्मृति में उन्हें भागीरथ शौर्य सम्मान के साथ ही आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। 
 

21 अर्चक वैदिक मंत्रोच्चार, घंट-घड़ियाल व डमरुओं के निनाद के साथ करेंगे मां गंगा की महाआरती, गूंजेगा राष्ट्रवाद का संदेश

24 नवंबर को देव दीपावली पर गंगा सेवा निधि का भव्य आयोजन, अमर बलिदानियों को मिलेगा भागीरथ शौर्य सम्मान

तीन दशक से अधिक पुरानी परंपरा में आध्यात्मिकता के साथ राष्ट्रभक्ति का संगम, कारगिल विजय की स्मृति में शुरू आकाशदीप संकल्प का होगा समापन

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी के दशाश्वमेध घाट पर आध्यात्मिकता और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। गंगा सेवा निधि की ओर से 24 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य देव दीपावली महोत्सव में 51 हजार दीपों और 21 कुंतल फूल-मालाओं से घाट को सजाया जाएगा। 21 अर्चक वैदिक रीति से भगवती मां गंगा की महाआरती करेंगे। समारोह में प्रख्यात गायक पद्मश्री अनूप जलोटा मां गंगा के तट पर स्वरांजलि प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान देश के अमर बलिदानी सैनिकों और सुरक्षा बलों के जवानों की स्मृति में उन्हें भागीरथ शौर्य सम्मान के साथ ही आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। 

शनिवार को दशाश्वमेध घाट स्थित गंगा सेवा निधि कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने बताया कि तीन दशक से अधिक समय से आध्यात्मिकता और राष्ट्रवाद को समर्पित देव दीपावली महोत्सव इस वर्ष भी भव्य रूप में आयोजित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा संस्था के संस्थापक स्मृतिशेष पं. सत्येंद्र मिश्र को पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद प्रो. रेवती साकलकर और उनके सह कलाकार गणपति वंदना एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे।

मुख्य अतिथि होंगे मध्य कमान के सेनाध्यक्ष
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल संजय मिश्रा, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, मध्य कमान लखनऊ उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक प्रवीण कुमार, 39 जीटीसी के ब्रिगेडियर उमेश ए. परब, एयर कमांडर सुरेंद्र मलिक वीएम सहित सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, आरपीएफ और सीआईएसएफ के अधिकारी शामिल होंगे।

अमर बलिदानियों की स्मृति में आकाशदीप का समापन
गंगा सेवा निधि ने वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध में भारत की विजय के उपलक्ष्य में अमर बलिदानियों की स्मृति में आकाशदीप संकल्प का विस्तार कर इसे राष्ट्रीय स्वरूप दिया था। पूरे कार्तिक मास देश के वीर योद्धाओं की स्मृति में आकाशदीप प्रज्ज्वलित किए जाते हैं। देव दीपावली के दिन इसका समापन होगा। इस अवसर पर शहीदों के परिजनों को भागीरथ शौर्य सम्मान और आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

इस वर्ष 95वीं बटालियन सीआरपीएफ के शहीद कांस्टेबल/ड्राइवर शशिकांत सिंह, 183वीं बटालियन सीआरपीएफ के शहीद सुनील कुमार तथा रेलवे सुरक्षा बल के शहीद कांस्टेबल महताब खान और कोलाहल यादव को सम्मानित किया जाएगा। संस्था के संस्थापक पं. सत्येंद्र मिश्र की स्मृति में भी आकाशदीप प्रज्ज्वलित किया गया है।

अमर जवान ज्योति पर होगा पुष्पचक्र अर्पण
कार्यक्रम में गंगा सेवा निधि की ओर से निर्मित अमर जवान ज्योति पर पुष्पचक्र अर्पित कर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। संस्था के संस्थापक सदस्य अवनी कुमार धर की ओर से रिथ लेइंग किया जाएगा। इसके बाद सेना, वायुसेना, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, आरपीएफ और सीआईएसएफ के अधिकारी पुष्पचक्र अर्पित करेंगे। 39 जीटीसी के जवानों की ओर से लास्ट पोस्ट और गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।

21 अर्चक, 42 कन्याएं और 10 डमरू वादक करेंगे महाआरती
महाआरती से पहले प्रो. चंद्रमौली उपाध्याय, पं. श्रीधर पांडेय और गंगा सेवा निधि के प्रमुख अर्चक आचार्य रणधीर के नेतृत्व में 21 ब्राह्मण वैदिक रीति से मां गंगा का पूजन करेंगे। श्री राम जनम योगी के शंखनाद के साथ महाआरती शुरू होगी। इसमें 42 कन्याएं ऋद्धि-सिद्धि के स्वरूप में ब्राह्मणों के साथ शामिल होंगी, जबकि श्री काशी विश्वनाथ डमरू दल के 10 स्वयंसेवक डमरू वादन करेंगे।

एक संकल्प गंगा किनारे से स्वच्छता का संदेश
संस्था की ओर से वर्षों से चलाए जा रहे 'एक संकल्प गंगा किनारे' अभियान के तहत देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मां गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता का संकल्प दिलाया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए गंगा को स्वच्छ बनाए रखने में सहभागिता की अपील की जाएगी।

सुरक्षा और स्वास्थ्य के भी पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संस्था की ओर से 24 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। भारत सेवा श्रम संघ के 100 स्वयंसेवक और गंगा सेवा निधि के 150 वालंटियर सुरक्षा उपकरणों के साथ तैनात रहेंगे। राजकीय चिकित्सालय की ओर से चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी। वहीं, एनडीआरएफ की 11वीं वाहिनी की ओर से वाटर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।

घर बैठे भी कर सकेंगे महाआरती के दर्शन
देव दीपावली महोत्सव और मां गंगा की महाआरती का सीधा प्रसारण गंगा सेवा निधि के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। श्रद्धालु  https://www.youtube.com/@gangaaartigangasevanidhi2261 पर घर बैठे आयोजन के दर्शन कर सकेंगे।