दालमंडी सड़क चौड़ीकरण : भूमि पूजन के साथ सड़क निर्माण शुरू, 215 करोड़ की परियोजना, 25 करोड़ रुपये से बनेगी 650 मीटर लंबी सड़क, नवंबर तक पूरा होगा काम
वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत रविवार को सड़क निर्माण की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई। विधायक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने इसके लिए भूमि पूजन किया। इसके बाद उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से फावड़ा चलाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी मौजूद रहे।
दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना की आधारशिला अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रखी गई थी। परियोजना के तहत सड़क निर्माण के लिए रविवार को भूमि पूजन किया गया। अधिकारियों के अनुसार पूरी परियोजना की लागत करीब 215 करोड़ रुपये है, जबकि सड़क निर्माण पर लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
अंडरग्राउंड होंगी कई सुविधाएं
परियोजना के तहत करीब 650 मीटर लंबी और 17.5 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर पाथवे की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही सीवर लाइन, जल निकासी, पानी के कनेक्शन और वाई-फाई समेत अन्य सुविधाओं को भूमिगत किया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क को आधुनिक स्वरूप देने के साथ भविष्य में बार-बार सड़क खोदने की समस्या से बचना है।
सड़क निर्माण कार्य को नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्माण पूरा होने के बाद दालमंडी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
181 मकानों और छह धार्मिक स्थलों का हुआ ध्वस्तीकरण
चौड़ीकरण परियोजना के लिए अब तक 181 मकानों और छह धार्मिक स्थलों का ध्वस्तीकरण किया जा चुका है। इसके एवज में प्रभावित लोगों को करीब 110 करोड़ रुपये का मुआवजा दिए जाने की जानकारी दी गई है। ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सड़क निर्माण का रास्ता साफ हुआ है।
निर्माण शुरू होने से स्थानीय व्यापारियों में भी उत्साह देखने को मिला। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से देखा जा रहा दालमंडी के बेहतर और सुगम यातायात का सपना अब साकार होने जा रहा है। उनका मानना है कि चौड़ी सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
विधायक बोले, प्राणवायु बनेगा यह मार्ग
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि दालमंडी मार्ग वाराणसी के व्यापार के लिए प्राणवायु बनेगा। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब से सांसद बने, तब से अनके ऐतिहासिक कार्य हुए। इसमें आध्यात्म, व्यापार, चिकित्सा, मूलभूत सुविधाओं के जुड़े काम कराए गए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। वाराणसी में लगभग 85 हजार करोड़ की परियोजनाएं चल रही हैं। इनमें कई पूरी हो चुकी हैं।
काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद व्यवसाय में तेजी आई, लेकिन दालमंडी की संकरी गली होने के चलते यहां उस तरीके से विस्तार नहीं हो सका। 2 अगस्त 2025 को इस परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। तब से ही इसके चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहण व अन्य प्रक्रियाएं चल रही थीं। विपक्ष ने इस पर तमाम तरह के षड़यंत्र रचने के काम किया, लेकिन काशी की जनता को पीएम पर विश्वास है, इसलिए आज यह परियोजना मूर्तरूप ले रही है।
देखें वीडियो