दालमंडी सड़क चौड़ीकरण: 30 मकानों का ध्वस्तीकरण, 47 मकानों की रजिस्ट्री, 176 लोगों ने लिया 32 करोड़ मुआवजा
वाराणसी। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण के लिए भवनों के ध्वस्तीकरण की की कार्रवाई रविवार को शुरू हुई। लोक निर्माण विभाग की ओर से रजिस्ट्री हो चुके 30 मकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कराई गई। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। अब तक 47 मकानों की रजिस्ट्री हो चुकी है। सभी को मुआवजे का वितरण भी किया जा चुका है।
लोक निर्माण के एक्सईएन ने बताया कि रजिस्ट्री हो चुके मकानों पर कार्रवाई की जा रही है। 30 मकानों का ध्वस्तीकरण शुरू कराया गया है। वहीं पहले से 15 मकानों के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया चल रही है। इस तरह कुल 45 भवनों का ध्वस्तीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चौक थाना पुलिस चौकी से लेकर नई बाजार तक भवनों पर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अब तक 47 भवनों की रजिस्ट्री हो चुकी है। इसमें 176 लोगों को 32 करोड़ रुपये मुआवजा का वितरण किया जा चुका है। दालमंडी में ध्वस्तीकरण को लेकर प्रशासन अलर्ट रहा। एसीपी दशाश्वमेध के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस के साथ ही पीएसी और पैरामिलिट्री को भी तैनात किया गया था। वहीं ड्रोन व अन्य माध्यमों से इलाके की निगरानी की गई।