जून के अंत तक बनकर तैयार हो जाएगी दालमंडी की सड़क, ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तेज 

दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्य तेजी से जारी है। परियोजना के तहत 30 जून तक सड़क निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए अब तक 60 मकानों को तोड़ा जा चुका है, जबकि 47 मकानों की रजिस्ट्री पूरी कर ली गई है।
 

वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्य तेजी से जारी है। परियोजना के तहत 30 जून तक सड़क निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए अब तक 60 मकानों को तोड़ा जा चुका है, जबकि 47 मकानों की रजिस्ट्री पूरी कर ली गई है।

पीडब्ल्यूडी द्वारा 245 दिनों की कार्ययोजना बनाई गई है, जिसके तहत कुल 154 दिन बीत चुके हैं। परियोजना में कुल 187 संपत्तियां चिह्नित की गई थीं, जिनमें से लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से मकान मालिकों को पहले ही नोटिस जारी कर दिया गया था और निर्धारित प्रक्रिया के तहत मुआवजा देने की कार्रवाई भी चल रही है।

बताया गया कि 17 अक्टूबर तक अधिकांश कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी, जिसके बाद 29 अक्टूबर से तोड़फोड़ का कार्य शुरू हुआ। प्रभावित लोगों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द मुआवजा लेकर अपने स्थान खाली करें, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके।

साथ ही, व्यापारियों और स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन, राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम लगातार बैठक कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के बाद क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।