बनारस में शुरू होगी साइकिल टैक्सी सेवा, प्रदूषण को कम करने के लिए स्मार्ट सिटी की पहल
वाराणसी। प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन को कम करने की दिशा में एक नई पहल के तहत स्मार्ट सिटी परियोजना के सहयोग से जल्द ही साइकिल टैक्सी सेवा शुरू की जाएगी। यह सेवा भोपाल, इंदौर, चंडीगढ़ और हैदराबाद जैसे शहरों की तर्ज पर विकसित की जा रही है।
योजना के प्रथम चरण में शहर के विभिन्न स्थानों पर 10 स्टैंड बनाए जाएंगे, जहां करीब 300 से अधिक साइकिलें उपलब्ध होंगी। इस सेवा का संचालन पूरी तरह मोबाइल ऐप आधारित होगा, जिससे यात्रियों को आसानी से साइकिल किराए पर लेने की सुविधा मिलेगी।
प्रारंभ में साइकिल चलाने की सुविधा दी जाएगी, जिसे बाद में ई-बाइक सेवा में भी परिवर्तित करने की योजना है। यात्री एक स्टैंड से साइकिल लेकर दूसरे स्टैंड पर छोड़ सकेंगे। प्रत्येक साइकिल में क्यूआर कोड लगा होगा, जिसे स्कैन कर भुगतान करने के बाद साइकिल अनलॉक की जा सकेगी।
रेलवे स्टेशन या अन्य प्रमुख स्थानों पर पहुंचने के बाद उपयोगकर्ता मोबाइल ऐप डाउनलोड कर साइकिल का उपयोग कर सकेंगे। साइकिल का सीरियल नंबर या क्यूआर कोड स्कैन करते ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी होगी और साइकिल उपलब्ध हो जाएगी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर में बढ़ते प्रदूषण को कम करना और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देना है। अधिकारियों के अनुसार, यह सेवा न केवल यातायात के दबाव को कम करेगी, बल्कि लोगों को सस्ता और सुविधाजनक परिवहन विकल्प भी प्रदान करेगी।
आगे चलकर बेहतर परिणाम मिलने पर ई-बाइक सेवा भी शुरू की जाएगी। पब्लिक साइकिल शेयरिंग मॉडल के तहत ई-बाइक को चार्ज करने के लिए विशेष स्टैंड बनाए जाएंगे, जहां 40 किलोमीटर तक चलने वाली ई-बाइक आसानी से चार्ज हो सकेगी। इन साइकिलों में जीपीएस की सुविधा भी होगी, जिससे उनकी लोकेशन और स्थिति की जानकारी मिलती रहेगी।