कैंट स्टेशन पर पकड़ा गया शातिर चेन स्नैचर, दो मंगलसूत्र और दो सोने के लॉकेट बरामद, काशी से अयोध्या जा रही महिला श्रद्धालुओं को बनाया था निशाना

कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में महिला यात्रियों से आभूषण छीनने वाले शातिर स्नैचर को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से सोने के दो मंगलसूत्र और दो लॉकेट बरामद किए गए हैं। बरामद आभूषणों की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
 

वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में महिला यात्रियों से आभूषण छीनने वाले शातिर स्नैचर को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से सोने के दो मंगलसूत्र और दो लॉकेट बरामद किए गए हैं। बरामद आभूषणों की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।

कैंट जीआरपी प्रभारी निरीक्षक राजोले नागर के मुताबिक, काशी से अयोध्या की यात्रा पर जा रही कुछ महिला श्रद्धालुओं ने ट्रेन में आभूषण स्नैचिंग की शिकायत जीआरपी टीम से की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की गतिविधियों और हुलिए की पहचान की। इसके बाद जीआरपी टीम ने निगरानी बढ़ाते हुए शातिर स्नैचर को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसके पास से महिलाओं से छीने गए सोने के आभूषण बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद हमीदुल्लाह के रूप में हुई, जो दिल्ली का रहने वाला है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार आरोपी पहले भी कई चोरी और छिनैती की घटनाओं में शामिल रहा है। 

पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर महिला यात्रियों को निशाना बनाता था। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं के सामान और पहने हुए आभूषण पर नजर रखकर मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देता था। काशी से अयोध्या जाने वाली महिला श्रद्धालुओं से हुई स्नैचिंग की घटनाओं के बाद जीआरपी ने स्टेशन परिसर में निगरानी और जांच तेज कर दी थी।

प्रभारी निरीक्षक राजोल नागर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। उसके पास से बरामद दो मंगलसूत्र और दो लॉकेट की कीमत करीब दो लाख रुपये है।

जीआरपी आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और उसके साथ इस तरह की घटनाओं में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जीआरपी ने निगरानी और गश्त बढ़ाने की बात कही है।