एयर शो में पीए सिस्टम से होगा क्राउड कंट्रोल, नमो घाट से सामने घाट तक लगेंगे दिशा-सूचक बोर्ड

भारतीय वायु सेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो में लाखों दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भीड़ प्रबंधन, आवागमन, साफ-सफाई और आपातकालीन सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। घाटों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम का सहारा लिया जाएगा। वहीं, दर्शकों और पर्यटकों की सुविधा के लिए नमो घाट से सामने घाट तक प्रमुख मार्गों और गलियों में दिशा-सूचक साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल लगातार स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
 

22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजन के लिए नगर निगम ने तेज की तैयारियां, मोबाइल टॉयलेट से लेकर चिकित्सा सुविधाओं तक के इंतजाम

बर्ड हिट रोकने के लिए 20 से 30 किमी के दायरे में मांस की दुकानों पर प्रतिबंध, आवारा पशुओं की आवाजाही पर भी रहेगी रोक

वाराणसी। भारतीय वायु सेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो में लाखों दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भीड़ प्रबंधन, आवागमन, साफ-सफाई और आपातकालीन सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। घाटों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम का सहारा लिया जाएगा। वहीं, दर्शकों और पर्यटकों की सुविधा के लिए नमो घाट से सामने घाट तक प्रमुख मार्गों और गलियों में दिशा-सूचक साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल लगातार स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

लाउडस्पीकर से जारी होंगे जरूरी निर्देश
एयर शो के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करना नगर निगम और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी। इसे देखते हुए गंगा के सभी प्रमुख घाटों को पब्लिक एड्रेस सिस्टम से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से अधिकारी लाउडस्पीकर और हैंडहेल्ड सिस्टम से लोगों को जरूरी निर्देश देंगे। भीड़ की आवाजाही को नियंत्रित करने, लोगों को सही रास्ते पर भेजने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सूचना प्रसारित करने में इस व्यवस्था की मदद ली जाएगी।

रास्ता बताने के लिए लगाए गए साइनेज बोर्ड
दूसरे जिलों और शहरों से आने वाले दर्शकों को घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए नमो घाट से सामने घाट तक प्रमुख संपर्क मार्गों और गलियों में दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं। इन पर घाटों के नाम और तीर के निशान के माध्यम से रास्तों की जानकारी दी गई है। इससे पर्यटकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने और घाटों के बीच आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

मोबाइल टॉयलेट, डस्टबिन और चिकित्सा सेवाएं रहेंगी उपलब्ध
आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए मोबाइल व पोर्टेबल टॉयलेट तथा पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जा रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सीय सेवाओं को भी मुस्तैद रखने की तैयारी है। नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षकों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बर्ड हिट रोकने के लिए मांस बिक्री पर प्रतिबंध
एयर शो के दौरान विमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पक्षियों से टकराने यानी बर्ड हिट की आशंका कम करने के लिए भी कदम उठाए गए हैं। नमो घाट से 20 से 30 किलोमीटर की परिधि में 19 से 26 अक्टूबर तक मांस कटिंग और बिक्री की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा शहर और घाटों के आसपास आवारा पशुओं की आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम का प्रयास है कि एयर शो के दौरान दर्शकों को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिले तथा आयोजन में किसी तरह की अव्यवस्था न होने पाए।