गंगा आरती देख अभिभूत हुए क्रिकेटर वाशिंगटन सुंदर, विजिटर बुक में लिखा “यहां का अनुभव अद्भुत, बार-बार आने का मन करता है”
वाराणसी। भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर गुरुवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने दशाश्वमेध घाट की विश्व प्रसिद्ध देखी। गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित आरती में सुंदर ने पूरे विधि-विधान से मां गंगा का पूजन किया। इसके बाद घाट पर गंगा आरती देखी। क्रिकेटर गंगा आरती की भव्यता और दिव्यता देख अभिभूत नजर आए। उन्होंने इसे अद्भुत बताया और बार-बार आने की इच्छा जताई।
वाशिंगटन सुंदर आरती के दौरान वे मंत्रोच्चार और दीपों की दिव्यता को निहारते हुए भाव-विभोर हो गए। करीब एक घंटे तक घाट पर मौजूद रहे सुंदर को देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें लेने की कोशिश भी की।
इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के पदाधिकारियों ने उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। संस्था के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी और सचिव हनुमान यादव ने उन्हें अंगवस्त्र, रुद्राक्ष की माला और प्रसाद भेंट किया। सुंदर ने संस्था की विजिटर बुक में अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि “यहां का अनुभव अद्भुत है, बार-बार आने का मन करता है।”
गौरतलब है कि वाशिंगटन सुंदर इस समय आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की ओर से खेल रहे हैं। उन्होंने हाल ही में दिल्ली कैपिटल के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक जड़ा, जो उनके करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। क्रिकेट के मैदान पर अपनी प्रतिभा से पहचान बनाने वाले सुंदर का यह आध्यात्मिक रूप उनके व्यक्तित्व के एक अलग पहलू को दर्शाता है, जिसे काशी के लोगों ने करीब से महसूस किया।