वाराणसी में एमएलसी चुनाव की मतगणना शुरू, 50-50 मतपत्रों के बंडल बनाने का काम जारी, 28 टेबलों पर स्नातक और शिक्षक एमएलसी वोटों की गिनती 

हाड़िया मंडी स्थित मतगणना स्थल पर मंगलवार सुबह आठ बजे से वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की मतगणना प्रक्रिया शुरू हो गई है। फिलहाल मतपेटियों से मतपत्र निकालकर उनकी 50-50 की संख्या में बंडलिंग की जा रही है। इसके बाद मतों की गिनती शुरू होगी। मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
 

स्नातक के 24 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 10 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला, सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच पहाड़िया मंडी में चल रही प्रक्रिया

वाराणसी। पहड़िया मंडी स्थित मतगणना स्थल पर मंगलवार सुबह आठ बजे से वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की मतगणना प्रक्रिया शुरू हो गई है। फिलहाल मतपेटियों से मतपत्र निकालकर उनकी 50-50 की संख्या में बंडलिंग की जा रही है। इसके बाद मतों की गिनती शुरू होगी। मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल मतपत्रों की बंडलिंग का कार्य चल रहा है। सभी मतपेटियों से मतपत्र निकालकर 50-50 के बंडल तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद मतों की गिनती शुरू होगी। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाएगी।

आठ जिलों के मतपत्रों की हो रही गिनती
वाराणसी खंड के अंतर्गत वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली और भदोही के मतों की गणना की जा रही है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 24 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। स्नातक सीट पर भाजपा के केदारनाथ सिंह, सपा के आशुतोष सिन्हा और राष्ट्रीय समाज पक्ष के राजकुमार दुबे समेत अन्य प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के लाल बिहारी यादव और भाजपा के प्रमोद कुमार मिश्रा समेत 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 14-14 मतगणना टेबल लगाई गई हैं। वरीयता क्रम के आधार पर मतों की गणना होने के कारण परिणाम आने में करीब 24 घंटे लग सकते हैं। शुरुआती रुझान मिलने में भी कुछ समय लगने की संभावना है।

सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी
मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक टेबल पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। परिसर और आसपास के क्षेत्रों पर ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है। बाहरी सुरक्षा घेरे में बैरिकेडिंग की गई है और वैध पासधारकों को जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य मतगणना को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराना है।