कफ सिरप कांड : एजेंसी संचालक गिरफ्तार, 65 लाख के कफ सिरप की खरीद-फरोख्त से जुड़ा है मामला
वाराणसी। कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध खरीद-बिक्री के मामले में सारनाथ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजा मेडिकल एंड सर्जिकल एजेंसी के संचालक प्रयागराज के मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र के मालवीय नगर निवासी सत्येंद्र साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर करीब 65 लाख रुपये मूल्य की कफ सिरप की अवैध सप्लाई में संलिप्तता का आरोप है। पुलिस ने उसे सारनाथ से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पीडी फार्मा से जुड़े कुछ लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर कोडीनयुक्त कफ सिरप की खरीद-फरोख्त की जा रही थी। आरोप है कि सत्येंद्र साहू ने 40 हजार से अधिक बोतल कफ सिरप पीडी फार्मा को बेची थी। इस सौदे की कुल कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस नेटवर्क का अहम हिस्सा था और लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था।
सारनाथ थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि 18 दिसंबर 2025 को शुभम जायसवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। उसके बाद से ही सत्येंद्र साहू भूमिगत हो गया था। जांच के दौरान कई लोगों की संलिप्तता सामने आई। पहले ही उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक सत्येंद्र साहू भी पीडी फार्मा से जुड़कर कफ सिरप की आपूर्ति करता था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था। लगातार दबिश और सर्विलांस की मदद से उसे पकड़ा गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को कांस्टेबल सौरभ तिवारी ने गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ में मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है।