हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम स्थल का शुद्धीकरण किए जाने से आक्रोश, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कचहरी में किया धरना-प्रदर्शन
वाराणसी। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धीकरण के विरोध में शुक्रवार को कचहरी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास राष्ट्रीय अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस की ओर से धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बीजेपी और आरएसएस के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
राहुल राज एडवोकेट ने आरोप लगाया कि खरगे के हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम स्थल का शुद्धीकरण किया गया। उन्होंने इसे जातिगत मानसिकता का प्रमाण बताते हुए विरोध जताया। कहा कि भारत संविधान और लोकतंत्र पर आधारित देश है, जहां सभी नागरिकों को समान रूप से जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने कथित घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की।
राहुल राज ने कहा कि जब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष के साथ ऐसा व्यवहार किया जा सकता है तो आम दलित समाज के लोगों के साथ कैसा व्यवहार होता होगा। उन्होंने कहा कि आजादी के दशकों बाद भी जातिवाद की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। धरने में विकास चौहान, प्रमोद मौर्या, रामलखन साहनी, मुकेश गिरी, हर्ष सोनकर, सचिन कुमार, अखिलेश कुमार, कुंदन कुमार, सूर्य कुमार, विशाल शर्मा, राजेश यादव, हर्ष पटेल और भोला रावत सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।