कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर सरकार पर साधा निशाना, विधानसभा में हंगामे का किया समर्थन, बोले, मुद्दे से ध्यान भटकाने की हो रही कोशिश
वाराणसी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सावन के पहले सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक और दर्शन-पूजन किया। इससे पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत में विधानसभा में विपक्ष के हंगामे का समर्थन करते हुए कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
अजय राय ने कहा कि यदि मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया है तो विधानसभा में उस मुद्दे को उठाना पूरी तरह उचित है। उनका आरोप था कि भाजपा सरकार इस गंभीर प्रकरण पर जवाब देने के बजाय ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि "भाजपा के लोग चढ़ावा चोर हैं और उन्होंने भगवान का पैसा तक नहीं छोड़ा।"
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में प्रतिदिन दलाल और चोरी करने वाले लोग पकड़े जा रहे हैं, लेकिन पुलिस उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय केवल वीडियो बनाने तक सीमित रहती है। उन्होंने कहा कि मंदिर की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और सरकार को इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।
अजय राय ने दावा किया कि जिस प्रकार अयोध्या के श्रीराम मंदिर को लेकर विभिन्न विवाद सामने आए थे, उसी तरह की स्थिति अब बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भी उत्पन्न की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि "ऊपर से लेकर नीचे तक ऐसे लोगों को बैठाया गया है, जिनकी वजह से भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को बढ़ावा मिल रहा है।"
सांसद पप्पू यादव से जुड़े हालिया विवाद और संत समाज की नाराजगी के सवाल पर भी अजय राय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम भाजपा की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। उनके अनुसार, चढ़ावा चोरी के मामले से लोगों का ध्यान हटाने के लिए इस तरह के विवाद खड़े किए जा रहे हैं।
जलाभिषेक के लिए रवाना होने से पहले अजय राय ने कहा कि बाबा काशी विश्वनाथ की नगरी में आस्था सर्वोपरि है और मंदिर से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।