राहुल गांधी की हिरासत और छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का बरेका में धरना, महिला जिलाध्यक्ष समेत कई हिरासत में

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने और दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को बरेका (बीएलडब्ल्यू) क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष अनुराधा यादव अपने समर्थकों के साथ सड़क पर बैठ गईं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगीं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन समाप्त कराने का प्रयास किया। प्रदर्शन जारी रहने पर महिला जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी ले जाया गया।
 

वाराणसी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने और दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को बरेका (बीएलडब्ल्यू) क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष अनुराधा यादव अपने समर्थकों के साथ सड़क पर बैठ गईं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगीं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन समाप्त कराने का प्रयास किया। प्रदर्शन जारी रहने पर महिला जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी ले जाया गया।

मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित बीएलडब्ल्यू इलाके में कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष अनुराधा यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एकत्र हुईं। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा राहुल गांधी की हिरासत और छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया गया। उनका कहना था कि छात्रों के साथ कथित लाठीचार्ज और राहुल गांधी को हिरासत में लिया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

धरने की सूचना मिलते ही मंडुआडीह थाना पुलिस और बरेका पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर धरना समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन जब प्रदर्शन जारी रहा तो कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कार्रवाई करते हुए अनुराधा यादव समेत कई महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सभी को पुलिस वाहन से बीएलडब्ल्यू पुलिस चौकी ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिना अनुमति सार्वजनिक स्थान पर धरना-प्रदर्शन किए जाने की सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की गई। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता दी गई और प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक हटाया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।