पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार को घेरने की कोशिश, महंगाई कम करने की उठाई मांग 

पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सर्किट हाउस स्थित जिला मुख्यालय के सामने आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा और पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
 

वाराणसी। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सर्किट हाउस स्थित जिला मुख्यालय के सामने आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा और पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने की, जबकि महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन खर्च बढ़ रहा है, जिसका सीधा असर खाद्य सामग्री, खेती-किसानी और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग, किसानों, मजदूरों, छात्रों और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियां पूरी तरह जनविरोधी साबित हो रही हैं और जनता को राहत देने के बजाय लगातार टैक्स बढ़ाकर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद देश की जनता को कोई राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पेट्रोलियम पदार्थों पर भारी कर लगाकर आम नागरिकों से जबरन वसूली कर रही है। आज स्थिति यह है कि रसोई गैस से लेकर पेट्रोल-डीजल तक आम आदमी की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश का आम नागरिक पहले से ही बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहा है, ऐसे में लगातार बढ़ती महंगाई ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मूल्य वृद्धि वापस नहीं ली तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।
प्रदर्शन में सजीव सिंह, सतनाम सिंह, राजू गौतम, अशोक सिंह, गिरीश पांडेय, राजीव राम, दिलीप चौबे, अनुराधा यादव, राजेश त्रिपाठी, खालिद सिद्दीकी, पूनम विश्वकर्मा, संतोष चौरसिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।