राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में चंपत राय और अनिल मिश्रा को क्लीन चिट पर कांग्रेस का विरोध, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग 

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे से जुड़े भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामले में चंपत राय और अनिल मिश्रा को क्लीन चिट दिए जाने को लेकर वाराणसी महानगर कांग्रेस ने विरोध जताया है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने क्लीन चिट को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की।
 

वाराणसी। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे से जुड़े भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामले में चंपत राय और अनिल मिश्रा को क्लीन चिट दिए जाने को लेकर वाराणसी महानगर कांग्रेस ने विरोध जताया है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने क्लीन चिट को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की।

इसी मुद्दे को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी के जनजागरण अभियान की छठवीं कड़ी के तहत मंगलवार को भेलूपुर स्थित गुरुधाम चौराहे के हनुमान मंदिर परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद सामूहिक आरती कर सत्य, न्याय, पारदर्शिता और सद्भाव की विजय की प्रार्थना की गई।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने आरोप लगाया कि चढ़ावे से जुड़े मामले में जिन लोगों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठे, उनकी निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय होनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि क्लीन चिट देकर मामले को समाप्त करने का प्रयास किया गया है। चौबे ने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण और आरएसएस के दबाव में प्रभावशाली लोगों को बचाया जा रहा है। हालांकि ये आरोप कांग्रेस की ओर से लगाए गए हैं।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस किसी धर्म, मंदिर या धार्मिक आस्था के खिलाफ नहीं है। भगवान श्रीराम और करोड़ों रामभक्तों की आस्था का पार्टी सम्मान करती है। कांग्रेस की मांग केवल इतनी है कि राम मंदिर जैसे करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े पवित्र स्थल पर चढ़ावे से संबंधित किसी भी शिकायत की निष्पक्ष जांच हो और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि जांच केवल छोटे कर्मचारियों या निचले स्तर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जिन लोगों के पास महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां थीं, उनकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। किसी व्यक्ति को उसके पद, प्रभाव या राजनीतिक पहुंच के कारण जवाबदेही से बाहर नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चढ़ावे का प्रत्येक पैसा पारदर्शिता और जवाबदेही के दायरे में होना चाहिए।

राघवेंद्र चौबे ने कहा कि भगवान श्रीराम सत्य, मर्यादा और न्याय के प्रतीक हैं। ऐसे में राम मंदिर से जुड़े किसी भी मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच ले जाएगी और निष्पक्ष जांच की मांग जारी रखेगी। उन्होंने बताया कि महानगर कांग्रेस की ओर से प्रत्येक मंगलवार को वाराणसी के अलग-अलग हनुमान मंदिरों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्यक्रम का संयोजन अरुण सोनी, प्रमोद वर्मा और धीरज सोनकर ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में सतनाम सिंह, सजीव सिंह, प्रवीण प्रकाश, वकील अंसारी, चंचल शर्मा, रोहित दुबे, राजेंद्र गुप्ता, हाजी इश्लाम, ओम शुक्ला, सदानंद तिवारी, अफसर खान, पप्पू मोदनवाल, दीप विश्वकर्मा, विनोद शर्मा, नित्यानंद पाठक, अरुण शाह, प्रेम तिवारी, दीपक सोनकर, किशन यादव, शमशाद अहमद, विजय देवल, रामजी गुप्ता, शुभम पटेल, राजकुमार और दिनेश सेठ समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।