राहुल गांधी और अजय राय के कथित अपमान पर कांग्रेसजनों में आक्रोश, लंका थाने में दी तहरीर, जांच की मांग 

कांग्रेस नेताओं के कथित अपमान और बीएचयू से संदिग्ध तरीके से पर्ची जारी किए जाने के आरोप को लेकर बुधवार को वाराणसी में राजनीतिक माहौल गरमा गया। महानगर युवा कांग्रेस के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लंका थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन को तहरीर सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
 

वाराणसी। कांग्रेस नेताओं के कथित अपमान और बीएचयू से संदिग्ध तरीके से पर्ची जारी किए जाने के आरोप को लेकर बुधवार को वाराणसी में राजनीतिक माहौल गरमा गया। महानगर युवा कांग्रेस के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लंका थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन को तहरीर सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा ने किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का पुतला दहन कर उनकी छवि धूमिल करने और राजनीतिक रूप से अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरी नाराजगी दिखाई दी और उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।

चंचल शर्मा ने कहा कि हाल ही में बीएचयू से अजय राय के नाम पर पर्ची काटे जाने का मामला कई सवाल खड़े करता है। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय परिसर में बिना आधार कार्ड के किसी भी प्रकार की पर्ची जारी नहीं की जाती, ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि किसी फर्जी आधार कार्ड या गलत दस्तावेज के जरिए यह पर्ची कटवाई गई हो सकती है। उन्होंने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से यह पता लगाने की मांग की कि संबंधित पर्ची किस आधार पर जारी की गई, किसने आवेदन किया और किन दस्तावेजों का उपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की फर्जीवाड़ा, जालसाजी या राजनीतिक साजिश सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

लंका थाने पर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और उसके कार्यकर्ताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विपक्षी नेताओं को बदनाम करने और उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिशें लोकतंत्र के लिए खतरनाक हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक आंदोलन तेज करेगी।

वहीं थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार ने कांग्रेस नेताओं से तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।