गंगा में बड़ी नावों और क्रूज को सशर्त अनुमति, छोटी नावों के संचालन पर रोक
वाराणसी। बदले मौसम के बीच गंगा में नौका संचालन को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। तेज हवाओं और पिछले दो दिनों से चल रही आंधी-बारिश को देखते हुए जल पुलिस ने छोटी नावों के संचालन पर रोक लगा दी है, जबकि बड़ी नावों और बजड़ों को सख्त सुरक्षा मानकों के साथ सीमित अनुमति दी गई है।
प्रशासन के अनुसार, मौसम में अचानक बदलाव और तेज हवा के कारण गंगा में लहरें तेज हो गई हैं, जिससे छोटे नावों के संचालन में खतरा बढ़ गया है। ऐसे में यात्रियों और नाविकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मौसम पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाता, तब तक कोई भी नाव गंगा में नहीं उतारी जाएगी।
हालांकि, सुबह हवा की रफ्तार कम होने के बाद बड़ी नावों और बजड़ों को सीमित रूप से संचालन की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि सभी नाविक सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें। छप्पर वाली नावों और छोटी नावों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
एसीपी जल पुलिस अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि बड़ी नावों के संचालन के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नावों में ओवरलोडिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी और क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाया जाएगा। इसके अलावा सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।