बगैर अनुमति धरना-प्रदर्शन पर कमिश्नरेट पुलिस सख्त, पुलिस कमिश्नर ने संभाला मोर्चा, परखी सुरक्षा व्यवस्था 

शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल सोमवार को स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सड़कों पर उतरे। उन्होंने पीएमओ कार्यालय, मालवीय चौराहा से नरिया तक पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और मौके पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 

वाराणसी। शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल सोमवार को स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सड़कों पर उतरे। उन्होंने पीएमओ कार्यालय, मालवीय चौराहा से नरिया तक पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और मौके पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नीट यूजी 2026 पर्चा लीक के विरोध में एक राजनीतिक दल की ओर से बिना अनुमति प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस आयुक्त ने शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया कि बिना अनुमति किसी भी धरना-प्रदर्शन, जुलूस या रैली को अनुमति न दी जाए और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के किसी भी प्रयास पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।

पुलिस आयुक्त ने मौके पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए कहा कि धरना-प्रदर्शन की आड़ में असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव, हिंसा या अव्यवस्था फैलाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में सभी पुलिसकर्मी पूर्ण सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जवान हेलमेट, डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर और निर्धारित सुरक्षा उपकरणों के साथ मुस्तैद रहें, ताकि किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, रस्से और अन्य सुरक्षा संसाधनों की व्यवस्था सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि भीड़ नियंत्रण के दौरान संयम और सतर्कता दोनों बनाए रखी जाए। पुलिस आयुक्त ने उच्चाधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने, विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें स्पष्ट निर्देश देते रहने को कहा।

शहर के संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से निरंतर निगरानी की गई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए और संदिग्ध या अव्यवस्था फैलाने वाली गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने भीड़ में शामिल अराजकतत्वों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी और कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी प्रकार के बिना अनुमति जुलूस, रैली या प्रदर्शन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वाराणसी में शांति, सुरक्षा और सामान्य जनजीवन बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।