सीएम के आगमन को लेकर कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट, अभेद्य होगी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन, भ्रमण एवं प्रवास कार्यक्रम को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को अधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग करते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
 

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन, भ्रमण एवं प्रवास कार्यक्रम को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को अधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग करते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

बैठक में पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सघन जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया जाए। कार्यक्रम स्थल एवं वीआईपी मार्ग पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर विशेष नजर रखी जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था के प्रत्येक पहलू का सूक्ष्म विश्लेषण कर संभावित जोखिमों का पूर्व आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी इकाइयों को हर समय सक्रिय और तैयार रखा जाए।

पुलिस आयुक्त ने वीआईपी मार्ग को पूरी तरह अवरोधमुक्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित मार्ग पर किसी भी वाहन की पार्किंग या अनावश्यक ठहराव नहीं होना चाहिए। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों के लिए स्थल के निकट अस्थायी पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही वीआईपी मूवमेंट के सभी निर्धारित रूटों पर आवश्यकता अनुसार क्रेन की उपलब्धता और कार्यक्रम स्थल पर अग्निशमन वाहन व फायर टीम को आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात रखने के निर्देश दिए गए।

भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस आयुक्त ने "नो टच पॉलिसी" का कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की जांच और सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही सुनिश्चित की जाएं। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्याप्त संख्या में रस्सियां, लाउड हेलर तथा पीए सिस्टम उपलब्ध रखने और उनका प्रभावी उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूर्व निर्धारित रूट डायवर्जन योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने और संभावित जाम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही कार्यक्रम स्थल एवं वीआईपी मार्ग को "नो फ्लाई जोन" घोषित करते हुए ड्रोन सहित किसी भी उड़ने वाली वस्तु के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाने तथा कंट्रोल रूम से सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी करने पर भी विशेष बल दिया गया।

पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से पहले आवश्यक ब्रीफिंग, सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश और व्यवहारिक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्धारित समय से पहले उत्कृष्ट टर्नआउट में ड्यूटी स्थल पर पहुंचने को कहा। साथ ही आमजन के साथ विनम्र, शालीन और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया।

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू सहित सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को पूरी सुरक्षा, अनुशासन और बेहतर समन्वय के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।